खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत ढांचे और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही राज्य सरकार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत ढांचे और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे रही राज्य सरकार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास के संवाद भवन में आयोजित सम्मान समारोह में कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर निरंतर कार्य कर रही है। ‘खेलो बढ़ो अभियान’ के तहत प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और तहसील स्तर पर सांसद कप तथा विधायक कप जैसी प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के इन्हीं प्रयासों की बदौलत आज राज्य के खिलाड़ी क्रिकेट, ओलंपिक और खेलो इंडिया जैसी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सुश्री क्रांति गौड़, उनके पिता श्री नरसिंह और भाई श्री महेंद्र सिंह को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां भी बेटों के समान हर क्षेत्र में आगे हैं। बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के बल पर देश और राज्य का सिर ऊंचा किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश में नई खेल क्रांति की प्रेरणा स्रोत बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लार्ड्स के प्रतिष्ठित ‘टेस्ट ऑनर्स बोर्ड’ पर नाम दर्ज कराने वाली देश की पहली महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से तीन लाख रुपये का चेक और स्मृति चिन्ह भेंट किया। इसके साथ ही, लार्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर सात विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें अपनी ओर से भी दो लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की।

सम्मान समारोह में युवाओं और अकादमी के खिलाड़ियों से संवाद करते हुए सुश्री क्रांति गौड़ ने अपने खेल के शुरुआती दिनों के कठिन संघर्षों को साझा किया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका एक ही सपना था कि वे भारतीय क्रिकेट टीम की नीली जर्सी पहनें। एक छोटे से गांव से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का यह कठिन सफर परिवार के अटूट सहयोग के बिना संभव नहीं था।

अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए क्रांति ने बताया कि उनके सपने को साकार करने के लिए उनके परिवार ने टपकती छत के नीचे दिन बिताए और राशन की कमी जैसी विषम परिस्थितियों का भी सामना किया। इन सभी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने ठान लिया था कि वे देश और अपने परिवार के लिए कुछ बड़ा हासिल करके रहेंगी।

इस अवसर पर राज्य के खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, खेल सचिव श्री संजीव सिंह, खेल एवं युवा कल्याण संचालक श्री अंशुमान सिंह यादव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *