चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर आलीराजपुर पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, ‘आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा’ का किया शुभारंभ

चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर आलीराजपुर पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, ‘आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा’ का किया शुभारंभ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली, आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचे। वहां उन्होंने महान क्रांतिकारी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद आजाद का अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण हर नागरिक के लिए प्रेरणादायी है। उनके उच्च आदर्श नई पीढ़ी को सदैव देशप्रेम और स्वाभिमान का मार्ग दिखाते रहेंगे।

श्रद्धांजलि देने के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंद्रशेखर उद्यान से ‘आजाद प्रेरणा मशाल यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं और आम जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह मशाल यात्रा आजाद कुटिया (आजाद स्मृति मंदिर) तक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने अमर शहीद की प्रतिमा पर पुनः माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

आजाद स्मृति मंदिर के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां प्रदर्शित चंद्रशेखर आजाद के जीवन वृत्तांत और ऐतिहासिक जानकारियों को ध्यानपूर्वक देखा। उन्होंने उनके बचपन, स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका और देश की वेदी पर दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजाद का संपूर्ण जीवन साहस और राष्ट्रभक्ति की एक मिसाल है, जो युवाओं को हमेशा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने परिसर में प्रस्तुत ‘आज़ाद कथा’ का भी अवलोकन किया। उन्होंने आजाद के नेतृत्व में हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी द्वारा चलाई गई क्रांतिकारी गतिविधियों, काकोरी घटनाक्रम और सांडर्स वध जैसी ऐतिहासिक घटनाओं तथा मातृभूमि की रक्षा में उनके योगदान की गाथा को श्रद्धापूर्वक देखा।

आजाद कुटिया में युवाओं को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन यादव ने उनके संघर्षों को याद किया। उन्होंने देश की युवा शक्ति से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण के कार्यों में आगे आएं और देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बताए रास्तों तथा आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं।

यह आयोजन अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती और ‘बलराम कृषि महोत्सव’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘चंद्रशेखर आजाद अमर रहें’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *