मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में मध्य प्रदेश में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा रविवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में “Run For Life” जनजागरूकता मैराथन का सफल आयोजन किया गया। इस दौड़ में विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 6 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज की स्थापना की प्रतिबद्धता जताई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के गंभीर परिणामों से अवगत कराना और एक सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
टी.टी. नगर स्टेडियम से शुरू हुए इस कार्यक्रम में छात्रों, एथलीटों, स्वयंसेवी संगठनों, नगर रक्षा समिति के सदस्यों और पुलिस बल के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर शिरकत की। सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर दौड़ लगाई और संदेश दिया कि जनसहयोग के बिना नशे जैसी सामाजिक बुराई का उन्मूलन संभव नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा, भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल, तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीतू ठाकुर और रश्मि अग्रवाल दुबे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह मैराथन प्रतियोगिता तीन अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित की गई, जिनमें 2 किलोमीटर की वॉकथॉन, 5 किलोमीटर की रन और 10 किलोमीटर की मुख्य मैराथन शामिल थी। इस दौरान पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई। दौड़ संपन्न होने के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के परिणामों की बात करें तो 10 किलोमीटर दौड़ के 45 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने पहला और भगवान सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। 45 वर्ष से कम महिला वर्ग में रमा यादव प्रथम और शीतल रजत द्वितीय रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में मंगल बघेल ने पहला तथा उदय प्रताप तोमर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 5 किलोमीटर दौड़ के 45 वर्ष से अधिक महिला वर्ग में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला प्रथम रहीं और पुरुष वर्ग में राजेंद्र सिंह ने पहला स्थान झटका। 45 वर्ष से कम महिला वर्ग में निकिता मिश्रा पहले और शकुंतला केवट दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में सूरज लोधी प्रथम और मोहित यादव द्वितीय स्थान पर रहे।
आयोजकों ने मैराथन को सफल बनाने वाले सभी नागरिकों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न शासकीय विभागों का आभार व्यक्त किया। साथ ही, प्रदेश की जनता से अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ इस जन-अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि मध्य प्रदेश को पूरी तरह से नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।