जम्मू-कश्मीर: राजौरी के घने जंगलों में मिला आतंकियों का अस्थायी ठिकाना, सुरक्षाबलों का बड़ा तलाशी अभियान शुरू

जम्मू-कश्मीर: राजौरी के घने जंगलों में मिला आतंकियों का अस्थायी ठिकाना, सुरक्षाबलों का बड़ा तलाशी अभियान शुरू

राजौरी के थानामंडी इलाके में सेना और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गुरुवार शाम को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान बंगाई के घने जंगलों में बने आतंकियों के एक गुप्त ठिकाने को नष्ट कर दिया। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उक्त स्थान से राशन सामग्री और खाना पकाने के बर्तन बरामद किए गए हैं।

सुरक्षा तंत्र के मुताबिक, आतंकियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए जंगल के ऐसे क्षेत्र का चयन किया था जहां काफी घनी झाड़ियां और ऊंचे पेड़ थे। इसी प्राकृतिक आड़ की वजह से यह ठिकाना दूर से दिखाई नहीं देता था। सघन चेकिंग और बारीकी से पड़ताल करने के बाद ही सुरक्षाबल इस ठिकाने तक पहुंचने में कामयाब रहे।

जब्त की गई वस्तुओं में नूडल्स, चावल के दो पैकेट, एक चाकू, लाइटर, प्लास्टिक शीट, एक पुराना कंबल, गैस स्टोव की नोजल, दो मोमबत्तियां और एक प्लास्टिक बोतल शामिल हैं। इन चीजों की बरामदगी से यह साफ होता है कि आतंकी इस जगह का इस्तेमाल अपने छिपने के ठिकाने के रूप में कर रहे थे।

ठिकाने की खोज के बाद सुरक्षाबल पूरी तरह मुस्तैद हैं और पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर दी गई है। इलाके में छिपे संभावित आतंकियों को तलाशने के लिए सुरक्षाबल जंगल के कोने-कोने को खंगाल रहे हैं और कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।

उल्लेखनीय है कि राजौरी जिले में पहले भी कई बार सुरक्षाबलों ने आतंकियों के छिपने के स्थानों को ध्वस्त किया है। इससे पूर्व एक सुदूर इलाके से तैयार आईईडी, कपड़े और राशन मिला था। वहीं थानामंडी के एक संयुक्त ऑपरेशन में भूमिगत ठिकाने से 10 यूबीजीएल, क्षतिग्रस्त एम्यूनिशन बॉक्स व चिकित्सीय सामान बरामद हुआ था। इसके अतिरिक्त, 23 मई को गुफाओं और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एके-47 राइफलें, ऑटोमैटिक हथियार, पिस्तौलें और कई किलोग्राम विस्फोटक सामग्री भी बरामद की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *