भोपाल के बैरसिया में रविवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 35 एकड़ क्षेत्र में फैले शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया। 50 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से तैयार इस नवीन विद्यालय के शुभारंभ के साथ मुख्यमंत्री ने बैरसिया के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति देने के लिए भोपाल-बैरसिया मार्ग को फोरलेन बनाने की महत्वपूर्ण घोषणा की।
लोकार्पण समारोह में जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ संस्कारवान और कौशल-संपन्न बनाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान के आलोक की ओर ले जाती है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने छात्र-छात्राओं से राष्ट्र सेवा, साहस और समर्पण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रदेश सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जोड़ा जा रहा है ताकि नई पीढ़ी आत्मनिर्भर बन सके। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का संदर्भ देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में संवेदनशीलता और निस्वार्थ भाव अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अर्जित ज्ञान ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है, जो उसे सही निर्णय लेने और चुनौतियों पर विजय पाने की शक्ति प्रदान करती है।
ढांचागत सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फोरलेन सड़क के निर्माण से बैरसिया की राजधानी भोपाल से सीधी और सुगम पहुंच स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना का मुख्य उद्देश्य गरीब और अमीर के बीच शिक्षा की असमानता को दूर करना है, जिससे हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने परिसर का निरीक्षण किया और मेधावी छात्र-छात्राओं—आकाश साहू, चंचल कुशवाहा, संयम जैन, भावना प्रजापति, रूपाली रजक और सीए अवंतिका साहू को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया। रोड-शो के दौरान आम जनता ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार गुर्जर, उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री राठौर, जनपद अध्यक्ष लता गुर्जर, प्राचार्य एच.एन. मिश्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।