मध्यप्रदेश में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, तीन सप्ताह में 122 वाहन जब्त और कई आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, तीन सप्ताह में 122 वाहन जब्त और कई आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्यभर में वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हुए बीते तीन हफ्तों में व्यापक कार्रवाई की है। पुलिस की विभिन्न टीमों ने राज्य के अलग-अलग जिलों में संगठित गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए 116 मोटरसाइकिलें, 04 ट्रैक्टर, 01 पिकअप और 01 कार बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस मुहिम के तहत खरगोन पुलिस को सबसे बड़ी सफलता मिली है, जहां अंतरजिला गिरोह के 3 शातिर सदस्यों को दबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, महू और हरदा से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की 51 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जांच में सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुराने या खराब लॉक वाले वाहनों को निशाना बनाते थे और महज 5 मिनट में चोरी कर ग्रामीण क्षेत्रों में कम कीमत पर बेच देते थे। वहीं, छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 04 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

अन्य जिलों में भी पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रही। सिंगरौली जिले के चितरंगी थाने ने 05 वाहन चोरों को गिरफ्तार कर 09 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। गुना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया और 07 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। इसके अलावा मंदसौर के मल्हारगढ़ में 02 आरोपियों से 05 मोटरसाइकिलें, शाजापुर में 01 आरोपी से 05 मोटरसाइकिलें और ग्वालियर के जनकगंज थाने द्वारा 01 आरोपी से 02 एक्टिवा व 01 लैपटॉप बरामद किया गया।

रेलवे एवं ग्रामीण पुलिस ने भी अंतरजिला मामलों में सफलता हासिल की। जीआरपी इंदौर ने 01 आरोपी को पकड़कर 04 मोटरसाइकिलें recovered कीं, दतिया के थरेट थाने ने 01 आरोपी से 04 मोटरसाइकिलें और छिंदवाड़ा देहात पुलिस ने 02 मामलों का पर्दाफाश कर 01 आरोपी से 02 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। राजगढ़ पुलिस ने दो पृथक कार्रवाइयों में अंतरजिला और अंतरराज्यीय गिरोहों के सदस्यों को गिरफ्तार कर 04 चोरी की बाइक, 01 पिकअप और वारदात में प्रयुक्त 02 अन्य दोपहिया वाहनों सहित कुल 07 वाहन जब्त किए।

चार पहिया और भारी वाहनों की चोरी रोकने के क्रम में सागर जिले की खुरई शहर थाना पुलिस ने अंतरजिला ट्रैक्टर चोर गिरोह के 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर 04 ट्रैक्टर जब्त किए। वहीं भिंड पुलिस ने 4-व्हीलर चोर गिरोह के 03 सदस्यों को दबोचकर 01 कार, नकदी और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सूचना तंत्र, आधुनिक तकनीक और अंतरजिला समन्वय के बल पर वाहन चोरी के संगठित अपराधों पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *