राज्यसभा सांसद और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच किन विषयों पर चर्चा हुई, इसका ब्योरा आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।
मुलाकात के उपरांत नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस संबंध में बताया कि उन्होंने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यालय में उनसे शिष्टाचार मुलाकात की है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने भी पोस्ट जारी कर बैठक की पुष्टि करते हुए कहा, “राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने 4 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।”
उल्लेखनीय है कि बिहार के मुख्यमंत्री पद से अपना लंबा कार्यकाल समाप्त करने के कुछ ही दिनों बाद नीतीश कुमार की यह मुलाकात सामने आई है। इससे पूर्व, 10 अप्रैल 2026 को उन्होंने उच्च सदन के सदस्य के रूप में पद की शपथ ग्रहण की थी, जिसे उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने संपन्न कराया था।