मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित बोट क्लब पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एक विशाल नौका तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सहभागिता करते हुए यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र भारत अपनी पूरी क्षमता और सामर्थ्य के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने बड़े तालाब में आयोजित इस जल तिरंगा यात्रा को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने वाली अनूठी पहल बताया। उन्होंने कहा कि पानी की लहरों पर तिरंगे के साथ निकला यह कारवां न केवल युवाओं में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है, बल्कि मध्य प्रदेश ने जल क्षेत्र में यह आयोजन कर राष्ट्रीय गौरव का एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है। जनसमुदाय के उत्साह की सराहना करते हुए उन्होंने खेल विभाग की इस अभिनव सोच की प्रशंसा की।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने हाथ में तिरंगा थामकर नौका यात्रा की अगुवाई की और देशभक्ति गीतों के बीच तिरंगे के रंगों वाले गुब्बारे आकाश में छोड़े। उन्होंने बोट क्लब पर मौजूद जलक्रीड़ा (वॉटर स्पोर्ट्स) खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और बड़े तालाब में मछलियों व बत्तखों को दाना खिलाया। इस अवसर पर कयाकिंग और केनोइंग के खिलाड़ियों ने केनो सलालम शो में अपने उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन कर तिरंगे के प्रति सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरा राष्ट्र देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ है। उनका मुख्य ध्येय यही है कि जल, थल और नभ—तीनों क्षेत्रों में राष्ट्रध्वज पूरी गरिमा के साथ फहराए और प्रत्येक नागरिक में देशप्रेम की भावना और प्रगाढ़ हो।
भोपाल की बड़ी झील पर आयोजित इस यात्रा में कई नौकाओं के विशेष विन्यास (फॉर्मेशन) के माध्यम से जल की सतह पर एक विशाल तिरंगे का मनोहारी दृश्य साकार किया गया। इस भव्य आयोजन में स्कूली छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी तथा रविंद्र यती सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।