स्वतंत्रता दिवस: राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने लोकभवन में फहराया तिरंगा, दी शुभकामनाएं

स्वतंत्रता दिवस: राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने लोकभवन में फहराया तिरंगा, दी शुभकामनाएं

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर लोकभवन परिसर में गरिमामय वातावरण के बीच ध्वजारोहण किया। इस औपचारिक समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, जनजाति प्रकोष्ठ की सदस्य सचिव श्रीमती मीनाक्षी सिंह तथा उप सचिव श्री सुनील दुबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत में ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। इसके पश्चात सुरक्षा बलों द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जबकि पुलिस बैंड ने सुमधुर राष्ट्र धुन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

राष्ट्रीय उत्सव के उल्लास को साझा करते हुए राज्यपाल श्री पटेल ने आकाश में तिरंगे के रंगों वाले गुब्बारे छोड़े। उन्होंने लोकभवन सचिवालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस दौरान उपस्थित बच्चों के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया।

इस आयोजन में राज्यपाल के परिसहाय द्वय श्री राहुल देशमुख व श्री श्रेयस दलवी, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री अरविन्द पुरोहित, विशेष सहायक श्री विपुल पटेल, नियंत्रक हाउस होल्ड श्रीमती शिल्पी दिवाकर और सुरक्षा अधिकारी श्री रविन्द्र बघेल मौजूद थे। साथ ही जनजाति प्रकोष्ठ के सदस्य, लोकभवन के चिकित्सक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी समारोह में सम्मिलित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *