रीवा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, त्वरित जल निकासी और राहत के दिए आदेश

रीवा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, त्वरित जल निकासी और राहत के दिए आदेश

रीवा नगर निगम सीमा क्षेत्र में बीते चौबीस घंटों के दौरान हुई तेज बारिश के चलते कई बस्तियों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बारिश थमने के बाद अब जलस्तर में क्रमिक गिरावट देखी जा रही है। हालातों पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता से राहत अभियानों में जुटा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार तड़के प्रभावित मोहल्लों का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।

जलभराव वाले क्षेत्रों में घर-घर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने प्रभावित रहवासियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया और नुकसान का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और हर जरूरतमंद परिवार को समय पर सहायता उपलब्ध कराना शासन का मुख्य दायित्व है। राहत शिविरों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को जलभराव वाले मोहल्लों से तेजी से पानी निकालने, विस्थापितों के लिए स्वच्छ भोजन-पानी और जरूरी दवाओं का समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

आपात स्थिति से निपटने और आम जनता को फौरी मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रभावित नागरिक जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के नंबर 07662-255143 पर चौबीसों घंटे संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम के टोल फ्री नंबर 18008899711 तथा लैंडलाइन नंबरों 07662-254568, 07662-320105, 07662-310346, 07662-320150 व 07662-320329 पर सूचना देकर त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।

उप मुख्यमंत्री ने बारिश के पानी से घिरी लक्ष्मणबाग गौशाला पहुंचकर गोवंश के संरक्षण कार्यों की भी समीक्षा की। पानी भरने के कारण गोवंशों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने गौशाला परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विस्थापित मवेशियों के लिए पर्याप्त हरे चारे और पोषण का प्रबंध रहे, साथ ही जलभराव से उत्पन्न होने वाले संक्रमण और बीमारियों की रोकथाम के लिए पशु चिकित्सकों द्वारा निरंतर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। इस दौरान उन्होंने गोवंश को गुड़ खिलाकर आशीर्वाद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *