नेपाल के रसुवा और सीमावर्ती जिलों में बुधवार सुबह भोटे कोशी नदी में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। तिब्बत सीमा क्षेत्र से असामान्य रूप से जलस्तर बढ़ने की यह घटना सुबह लगभग नौ बजे सामने आई, जिससे नदी तट से सटे इलाकों में भारी तबाही हुई है।
आपदा से सबसे ज्यादा क्षति काठमांडू से 125 किलोमीटर दूर रसुवा जिले में दर्ज की गई है। स्वतंत्र ऊर्जा उत्पादक संघ (आईपीपीएएन) के आंकड़ों के अनुसार, बाढ़ के चलते 354 मेगावाट की कुल क्षमता वाली आठ संचालित और पांच निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें 111 मेगावाट की रसुवागढ़ी, 78 मेगावाट की संजेन खोला और 60 मेगावाट की अपर त्रिशूली-3ए जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त तिमुरे, स्याफ्रुबेसी, मेलुंग, सल्लेतार और बट्टार सहित लगभग 12 बस्तियों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बागमती पुलिस प्रशासन के मुताबिक, नुवाकोट की बिदुर नगरपालिका में त्रिशूली नदी के पास से चार शव (तीन पुरुष और एक महिला) निकाले गए हैं। सशस्त्र पुलिस बल के चार जवान भी इस आपदा के बाद से रसुवा से लापता हैं। नेपाल-तिब्बत व्यापार मार्ग पर स्थित रसुवा सीमा शुल्क केंद्र में कई गाड़ियां बह गईं और एक नवनिर्मित पुल टूट गया। तिमुरे और स्याफ्रुबेसी की पुलिस चौकियों के साथ-साथ धादिंग के गजुरी में भी एक पुल के बह जाने की पुष्टि हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की अगुवाई में हुई आपात बैठक के बाद सेना और पुलिस बलों ने मोर्चा संभाला। राहत कार्य के लिए 12 हेलीकॉप्टर, पांच ड्रोन और तीन खोजी कुत्ते तैनात किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने अब तक स्याफ्रुबेसी से छह, धुंचे से चार और मेलुंग से दो लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। त्रिशूली के सैन्य केंद्र में उपचार की व्यवस्था की गई है और 16 सदस्यीय मेडिकल टीम को सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रवाना किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर बारिश न होने के कारण तिब्बत क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा, हिमस्खलन या ग्लेशियर झील फटने (GLOF) की संभावना की जांच की जा रही है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पिछले साल भी इसी नदी में आई बाढ़ ने रसुवा में 10 लोगों की जान ले ली थी।