उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला पुलिसकर्मियों और सफाई मित्रों के साथ मनाया रक्षाबंधन

उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला पुलिसकर्मियों और सफाई मित्रों के साथ मनाया रक्षाबंधन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर उज्जैन स्थित वीवीआईपी गेस्ट हाउस तथा पुलिस सामुदायिक भवन में महिला पुलिसकर्मियों, मंदिर समिति के कर्मियों और सफाई मित्रों के साथ त्योहार मनाया।

आयोजन के दौरान गृह विभाग से जुड़ी महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर उनके हाथों पर रक्षा सूत्र बांधा। इसके साथ ही श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की महिला कर्मियों, सुरक्षा शाखा के कर्मचारियों और नगर निगम व मंदिर परिसर की महिला सफाई मित्रों ने भी मुख्यमंत्री को राखी बांधी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित सभी महिलाओं से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनसे आशीर्वाद लिया। इस पावन अवसर पर उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन के उपहार भेंट कर उनके साथ इस त्योहार का उल्लास साझा किया।

त्योहार की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के आपसी रिश्ते, प्रेम, अटूट विश्वास और आत्मीयता को और अधिक सुदृढ़ बनाने वाला पवित्र पर्व है। उन्होंने उपस्थित सभी बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेडा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी व उपाध्यक्ष मुकेश यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, राकेश पंड्या और विवेक गुप्ता मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशासनिक स्तर पर संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह तथा एसपी प्रदीप शर्मा समेत अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *