जैव विविधता को समर्पित रहा वन विहार का रक्षाबंधन, तितली संरक्षण के प्रति पर्यटकों को किया गया जागरूक

जैव विविधता को समर्पित रहा वन विहार का रक्षाबंधन, तितली संरक्षण के प्रति पर्यटकों को किया गया जागरूक

शनिवार, 29 अगस्त को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक भ्रमण करने आए पर्यटकों के लिए ‘बटरफ्लाई रक्षा बंधन उत्सव’ आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज में प्रकृति, तितलियों और व्यापक जैव विविधता के प्रति संवेदनशीलता और सुरक्षा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

पारंपरिक रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस विशेष सत्र में पर्यटकों ने तितलियों की सुरक्षा के लिए प्रतीकात्मक रक्षा सूत्र बांधे। कार्यक्रम में इस तथ्य को रेखांकित किया गया कि तितलियां पारिस्थितिकी तंत्र को गतिमान रखने और परागण प्रणाली को सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनका संरक्षण अनिवार्य है।

नेचुरलिस्ट कृति जैन और गणेश ने कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, युवाओं व नागरिकों को तितलियों के जीवन चक्र, वास स्थल और परागण में उनके योगदान के वैज्ञानिक व पर्यावरणीय पहलुओं से अवगत कराया।

प्रतिभागियों से आह्वान किया गया कि वे स्थानीय वनस्पतियों एवं फूलों वाले पौधों को बढ़ावा दें तथा तितलियों के पर्यावास को सुरक्षित रखने के लिए प्रकृति-हितैषी तौर-तरीकों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

संचालक, वन विहार के निर्देशन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम के समापन पर सहायक संचालक द्वारा प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा उन्हें स्मृति व प्रोत्साहन के तौर पर हस्तनिर्मित तितली रक्षा सूत्र वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *