रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा एशिया के सबसे बड़े विमानन उत्सव ‘एयरो इंडिया’ के 16वें संस्करण का आयोजन 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु स्थित येलहंका वायुसेना स्टेशन पर किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित वैश्विक समागम में दुनिया भर के नीति निर्माता, रक्षा बलों के उच्चाधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, नवाचारकर्ता और प्रमुख वैमानिकी कंपनियां एक मंच पर एकत्र होंगी।
इस रक्षा प्रदर्शनी का सबसे प्रमुख आकर्षण रोमांचक हवाई प्रदर्शन होगा, जिसमें भारतीय वायुसेना के साथ-साथ विभिन्न देशों की उड़ान टीमें आसमान में अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगी। येलहंका के वायुक्षेत्र में स्वदेशी और विदेशी अत्याधुनिक लड़ाकू विमान, बहुउद्देश्यीय हेलीकॉप्टर तथा भारी परिवहन विमान अपनी परिचालन क्षमता का मुजाहिरा करेंगे, जिससे भारत की मजबूत होती रक्षा एवं वैमानिकी शक्ति का वैश्विक स्तर पर प्रदर्शन होगा।
यह द्विवार्षिक आयोजन केवल हवाई शक्ति के प्रदर्शन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रक्षा व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करने का भी एक मजबूत माध्यम बन चुका है। प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न उद्योगों के बीच आपसी संवाद (बी2बी), सरकार व औद्योगिक प्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय बैठकें तथा तकनीकी प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इससे कंपनियों को नए निवेश, तकनीकी हस्तांतरण और संयुक्त उपक्रमों की संभावनाएं तलाशने में मदद मिलेगी।
इस आयोजन के जरिए भारत अपने तेजी से सुदृढ़ होते रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र, विनिर्माण क्षमता, उभरती प्रौद्योगिकियों और नवाचार को अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करेगा। एयरो इंडिया 2027 में घरेलू रक्षा उद्योग की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया जा रहा है, जिससे देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और नवोन्मेषी रक्षा स्टार्टअप्स के लिए अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ जुड़ने के नए द्वार खुलेंगे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वृहद आयोजन से देश में पूंजी निवेश, रक्षा उपकरणों के निर्यात तथा तकनीकी सहयोग को उल्लेखनीय प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को गति प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय विनिर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय रक्षा आपूर्ति श्रृंखला में अपनी सशक्त पहचान बनाने का अवसर भी देगी।
प्रदर्शनी में भाग लेने के इच्छुक देशी-विदेशी प्रतिनिधियों और प्रदर्शकों की सहूलियत के लिए एक समर्पित वेब पोर्टल विकसित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शकों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और स्टॉल अथवा प्रदर्शनी स्थल की बुकिंग की प्रक्रिया 3 सितंबर 2026 से एयरो इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू कर दी जाएगी।