मध्यप्रदेश में अपराधों पर पुलिस का कड़ा प्रहार: 10 दिनों में कई गिरोह बेनकाब, ₹1.89 करोड़ से अधिक का माल बरामद

मध्यप्रदेश में अपराधों पर पुलिस का कड़ा प्रहार: 10 दिनों में कई गिरोह बेनकाब, ₹1.89 करोड़ से अधिक का माल बरामद

मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्य भर में अवैध गतिविधियों, चोरी और नकबजनी की रोकथाम के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बीते 10 दिनों में कई आपराधिक मामलों का पर्दाफाश किया है। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस टीमों ने एटीएम काटने, कालाबाजारी और घरों में सेंधमारी करने वाले आरोपियों को हिरासत में लिया। इस व्यापक कार्रवाई के तहत विभिन्न जिलों से 1 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी की गई संपत्ति बरामद की गई है।

इंदौर जिले में राऊ थाना पुलिस ने लिफ्ट से चुराए गए 8 लाख रुपये शत-प्रतिशत बरामद कर आरोपी को पकड़ा। इसके साथ ही सराफा थाना पुलिस ने डिलीवरी पार्सल से 273 ग्राम सोने की चोरी का खुलासा किया, जिसमें करीब 40 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया गया। इंदौर पुलिस ने दोनों मामलों को मिलाकर लगभग 48 लाख रुपये की जब्ती दर्ज की है।

खरगोन जिले में पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सफलताओं के तहत कुल 30 लाख 14 हजार रुपये की सामग्री जब्त की। इसमें विद्युत ट्रांसफार्मरों से तेल चुराने वाले अंतरजिला गिरोह के 4 सदस्यों से 1860 लीटर तेल और 3 वाहन (कीमत ₹22.09 लाख से अधिक) बरामद किए गए। एक अन्य मामले में मोटरसाइकिल, मोबाइल और सोने की झुमकी सहित 2.35 लाख रुपये का माल मिला। इसके अलावा, ड्रिप लाइन पाइप चोरी करने वाले 3 आरोपियों से 138 बंडल व पिकअप वाहन (कीमत ₹4.90 लाख) और टोकसर मंदिर परिसर में दानपेटी तोड़ने वाले 4 आरोपियों से नकदी व बाइक सहित लगभग 80 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

मंदसौर में पुलिस ने पांच राज्यों में 17 सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग को पकड़कर 20 लाख रुपये का सामान जब्त किया। साथ ही गरोठ थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को गैस कटर से काटने वाले गिरोह के 3 आरोपियों से नकदी, कार और गैस कटर सहित लगभग 6 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई। जिले में कुल बरामदगी करीब 26 लाख रुपये रही।

औद्योगिक व ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस को बड़ी सफलताएं मिलीं। सिंगरौली के बैढ़न थाने ने 10 टन चोरी के लोहे के कबाड़ और ट्रक सहित 23.50 लाख रुपये तथा अनूपपुर की रामनगर पुलिस ने 49 डीआई पाइप व ट्रक सहित 23.50 लाख रुपये का माल पकड़ा। वहीं, मुरैना की बागचीनी पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर प्रहार करते हुए 90 सिलेंडर और एक वाहन सहित 14 लाख रुपये की जब्ती की और 2 लोगों को गिरफ्तार किया।

देवास में पुलिस ने ‘त्रिनेत्रम्’ अभियान के तहत घरों की रेकी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया व 3 विधि विरुद्ध बालकों को संरक्षण में लेकर 11 लाख रुपये की बरामदगी की। साथ ही एक किसान के 34,500 रुपये चुराने वाले को 7 घंटे में गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त विदिशा में 3 लाख, शाजापुर में 2.50 लाख, बड़वानी में 3.80 लाख, छतरपुर में 1.25 लाख और ग्वालियर में 2.50 लाख रुपये के चोरी के मामलों का निपटारा करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया। इन समन्वित कदमों से कानून व्यवस्था को मजबूती मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *