कैरेबियन देश हैती में शनिवार को 10 साल बाद एक बार फिर जोरदार भूकंप आया। भूकंप के झटके में दो शहरों को भारी नुकसान हुआ है। हैती के सिविल प्रोटेक्शन ऑफिसर ने अब तक 300 लोगों के मौत की पुष्टि की है। यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
हैती के नागरिक सुरक्षा निदेशक जेरी चांडलर ने बताया कि भूकंप की वजह से बहुत सारे घर तबाह हो गए हैं, लोग मर चुके हैं और कुछ अस्पताल में हैं। जेरेमी, लेस केयस, सेंट लुइस डू सूद और लेस एंग्लिस शहरों में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। भूकंप के बाद डरे लोग सड़कों पर आ गए और कई लोग घरों में ही दबे रह गए।
नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता काफी तेज थी। इसके कारण दो शहरों में कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही देश के पश्चिमी इलाके में सुनामी की चेतावनी जारी की गई। इसे बाद में वापस ले लिया।
वहीं, अमेरिका के अलास्का में भी 6.9 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए। अलास्का में शाम 5.27 बजे भूकंप आया। हालांकि, यहां किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
भारतीय समय के मुताबिक, हैती में शाम 5:59 बजे भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.2 आंकी गई है। भूकंप का केंद्र पोर्ट-औ-प्रिंस, हैती से 118 किमी पश्चिम में था। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें कई सैकड़ों लोगों की मौत की खबर है।
11 साल पहले हैती में 7 तीव्रता का भूकंप आया था। उस दौरान हजारों लोगों की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि पूर्वी क्यूबा और जमैका में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर ने भी इस क्षेत्र में भूकंप की सूचना देते हुए कहा कि इसकी तीव्रता 7.6 थी। क्यूबा के भूकंप केंद्र ने कहा कि इसने 7.4 की तीव्रता दर्ज की।
इससे पहले 28 जुलाई को भी अलास्का में भयानक भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इससे लोग दहशत में आ गए थे। इस भूकंप की तीव्रता 8.2 बताई गई थी। इन झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी।