अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में शुक्रवार को भारतीय पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 56-27 के बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब 31 अक्टूबर को होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत की भिड़ंत श्रीलंका से होगी, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में केन्या को 28-24 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई है।
बांग्लादेश के खिलाफ इस अहम मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआती मिनटों से ही अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। भारत की ओर से नवीन कुमार और नीरज नरवाल ने रेडिंग का मोर्चा संभाला, जबकि दीपक एस और शुभम शिंदे ने रक्षापंक्ति को मजबूती प्रदान की। हालांकि, बांग्लादेश के लिए दिपायोन गोल्डर ने सफल रेड के जरिए पहला अंक जुटाया, लेकिन भारतीय टीम ने तुरंत पलटवार करते हुए मैच के पहले पांच मिनट के अंदर ही विपक्षी टीम को पहली बार ऑलआउट कर दिया।
इसके बाद भरत हुड्डा और शिवम पटारे ने रेडिंग में मोर्चा संभालते हुए भारत के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया और दीपक एस ने भी डिफेंस में अपना बेहतरीन खेल जारी रखा। पहले हाफ का खेल समाप्त होने में जब आठ मिनट बाकी थे, तब भारत ने बांग्लादेश को दूसरी बार ऑलआउट किया और मध्यांतर तक 28-8 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ में बांग्लादेश के खिलाड़ी भारतीय रक्षापंक्ति के सामने पूरी तरह बेबस दिखे और एक भी टैकल प्वाइंट अर्जित नहीं कर सके। इस दौरान केवल दिपायोन गोल्डर और मोहम्मद रहमान ही रेड के माध्यम से अपनी टीम के लिए कुछ अंक बटोर पाए।
दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का एकतरफा दबदबा कायम रहा। सटीक रेडिंग और संयमित डिफेंस की बदौलत खेल समाप्त होने से 10 मिनट पूर्व भारतीय टीम 38-16 के स्कोर के साथ काफी आगे निकल चुकी थी। भरत हुड्डा ने विपक्षी डिफेंस को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। मैच खत्म होने से चार मिनट पहले भारत ने एक और ऑलआउट हासिल कर स्कोर को 49-20 तक पहुंचा दिया और अंततः 56-27 से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारतीय टीम की इस एकतरफा जीत में भरत हुड्डा ने सबसे अधिक 13 अंक अर्जित किए। उनके अलावा शिवम पटारे ने 11 और नीरज नरवाल ने 9 अंकों का अहम योगदान दिया। रक्षापंक्ति में अजीत पवार ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए 8 टैकल में से 5 टैकल प्वाइंट बटोरे। पूरे मुकाबले में लगातार दबाव बनाए रखने वाली भारतीय टीम ने कुल 37 रेड प्वाइंट, 12 टैकल प्वाइंट और 6 ऑलआउट प्वाइंट हासिल किए।
वहीं, पुरुष वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने केन्या को 28-24 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया। श्रीलंका की जीत में मिलिंद चतुरंगा और सबिहान ने 6-6 अंक बनाए, जबकि विदुरंगा ने 4 अंक जोड़े। टीम के डिफेंस का नेतृत्व कर रहे माडे ड्विकी संजया ने 5 टैकल प्वाइंट अर्जित किए। केन्या की तरफ से हेलविक वांजाला ने सबसे ज्यादा 9 अंक और सैमुअल वाफुला ने 6 अंक जुटाए। दूसरी ओर, महिला वर्ग के सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए श्रीलंका को 39-14 से हराकर फाइनल में कदम रखा। महिला खिताबी मुकाबले में भारत की टक्कर युगांडा से होगी, जिसने अंतिम मिनट तक चले एक बेहद करीबी और रोमांचक दूसरे सेमीफाइनल में केन्या को 23-21 से पराजित किया।