डॉक्टरों की असली पहचान मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से होती है : उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन

डॉक्टरों की असली पहचान मरीजों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने से होती है : उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) एवं सफदरजंग अस्पताल के रजत जयंती समारोह और 8वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में शिरकत की। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपराष्ट्रपति ने मेधावी स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को पदक प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने नवोदित चिकित्सकों को संदेश दिया कि वे करुणा, सत्यनिष्ठा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपना आधार बनाएं, क्योंकि चिकित्सा की डिग्री मानवता की सेवा के प्रति एक गहरी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

संस्थान की 25 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए श्री राधाकृष्णन ने वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीती चौथाई सदी सीखने, उपचार करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की गौरवशाली विरासत को दर्शाती है। देश में स्वास्थ्य ढांचे के विकास पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रयासों से चिकित्सा शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच बढ़ी है।

युवा डॉक्टरों का मार्गदर्शन करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि एक चिकित्सक की पहचान केवल उसकी डिग्री से नहीं, बल्कि इस बात से होती है कि वह कितने लोगों के जीवन को बेहतर बनाता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में तकनीक चाहे जितनी भी उन्नत हो जाए, वह डॉक्टर और मरीज के बीच के संवेदनशील रिश्ते की जगह नहीं ले सकती। उन्होंने डॉक्टरों से आग्रह किया कि वे मरीज की आर्थिक स्थिति या सामाजिक स्तर देखे बिना प्रत्येक व्यक्ति के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार करें और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें।

‘विकसित भारत @ 2047’ के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के समग्र विकास के लिए नागरिकों का स्वस्थ होना पहली शर्त है और आयुष्मान भारत जैसी पहल सभी के लिए सस्ता व सुलभ उपचार सुनिश्चित कर रही हैं। वीएमएमसी के नामकरण को भगवान महावीर से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि ‘जियो और जीने दो’ का सिद्धांत चिकित्सा पेशे की मूल भावना से मेल खाता है। उन्होंने डॉक्टरों से ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच के साथ काम करने और नशे से दूर रहने की अपील भी की।

कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने सभी उपस्थित लोगों को नशीले पदार्थों के खिलाफ शपथ दिलाई और संस्थान की रजत जयंती पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. एल. जी. कृष्णा, संस्थान की निदेशक डॉ. कविता रानी शर्मा तथा प्रधानाचार्य डॉ. गीतिका खन्ना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *