6 महीने बाद न्यूजीलैंड में 1 पॉजिटिव केस सामने आया, पूरे देश में लॉकडाउन लागू

न्यूजीलैंड सरकार ने देश में लॉकडाउन लगा दिया है। यह फैसला ऑकलैंड शहर में एक व्यक्ति की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद किया गया। न्यूजीलैंड में 6 महीने बाद किसी व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

ऑकलैंड में एक सप्ताह जबकि देश के बाकी हिस्सों में तीन दिन का लॉकडाउन रहेगा। हेल्थ मिनिस्ट्री को आशंका है कि जिस व्यक्ति को पॉजिटिव पाया गया है, उसमें डेल्टा वैरिएंट के लक्षण हो सकते हैं। यह सबसे ज्यादा खतरनाक वैरिएंट माना जा रहा है।

ऑफिस और स्कूल भी बंद
पॉजिटिव पाया गया व्यक्ति ऑकलैंड के तटीय कस्बे कोरोमेंडेल भी गया था। इस कस्बे में सात दिन के लिए सख्त लॉकडाउन लगा दिया गया है। प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि यहां लेवल-4 नियम लागू किए जा रहे हैं। इसके तहत कोरोना गाइडलाइन की सबसे सख्त शर्तें लागू की जाती हैं। स्कूल, ऑफिस और कारोबार सभी बंद रहेंगे। जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी।

जेसिंडा ने कहा- हमने इस तरह की चीजों के लिए पहले से तैयारी की है। अगर आप शुरुआत में ही सख्ती से नियम लागू करते हैं तो इसका फायदा होगा। यह हम पहले भी देख चुके हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संक्रमित व्यक्ति की उम्र 58 साल है। माना जा रहा है कि वह गुरुवार से बीमार है। टेस्ट के दौरान उसे पॉजिटिव पाया गया। उन 23 जगहों पर नजर ज्यादा रखी जा रही है, जहां यह व्यक्ति गया था।

यह मामला सामने आने के बाद ऑकलैंड के सुपरमार्केट्स में भीड़ बढ़ गई है। लोगों को पहले से ही अंदाजा था कि लॉकडाउन लगाया जा सकता है। प्रशासन का कहना है कि इस मामले तेज और सख्त एक्शन की जरूरत है, क्योंकि यह डेल्टा वैरिएंट का केस लग रहा है।

हेल्थ मिनिस्ट्री द्वारा जारी किए गए डेटा के मुताबिक, देश की सीमाओं पर हालिया हफ्तों में जो मामले सामने आए हैं, वे सभी डेल्टा वैरिएंट ही थे। पीएम ने कहा- हम देख चुके हैं कि बाकी जगहों पर इस वैरिएंट ने कितनी मुश्किलें पेश कीं। इसलिए हमारे पास एक ही मौका है जब हमें शुरुआत में ही संभल जाएं।

न्यूजीलैंड ने अपनी सीमाओं पर सख्त निगरानी रखी है। यही वजह कि कोई भी पॉजिटिव मरीज देश नहीं पहुंच पाया। एक लिहाज से यहां की तमाम सीमाएं बंद कही जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *