रिकॉर्ड हाई के बाद बाजार में मुनाफा वसूली

रिकॉर्ड हाई के बाद बाजार में मुनाफा वसूली

बुधवार को वीकली एक्सपायरी के दिन बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 56,118.57 और निफ्टी ने 16,701.85 का रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद बाजार में ऊपरी स्तरों से भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स ऊपरी स्तर से करीब 500 अंक फिसला। वहीं निफ्टी भी ऊपरी स्तरों से 130 अंक टूट गया।

सेंसेक्स 55,629 पर बंद
रिकॉर्ड हाई बनाने के बाद बाजार में मुनाफा वसूली देखने को मिली। सेंसेक्स 162.78 अंक गिरकर 55,629.49 पर और निफ्टी 45.75 अंकों की गिरावट के साथ 16,568.85 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 10 शेयर बढ़त के साथ और 20 शेयर लाल निशान में बंद हुए। जिसमें अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर 3.46%, बजाज फाइनेंस के शेयर 2.5% और बजाज फिनसर्व के शेयर 1.5% की तेजी के साथ बंद हुए।

NSE पर कोटक बैंक के शेयर 2.31% और ICICI बैंक के शेयर 2.04% की गिरावट रही। वहीं बाजार को FMCG शेयर्स का सपोर्ट मिला। यूनाइटेड स्प्रिट्स के शेयर में 9.36% और UBL के शेयर में 5.90% की तेजी रही। इसके अलावा IT इडेक्स में माइंडट्री के शेयर 5.89% की तेजी के साथ बंद हुए।

BSE पर 3,295 शेयर्स में कारोबार हुआ। जिसमें 1,101 शेयर्स बढ़त के साथ और 2,079 शेयर्स लाल निशान में बंद हुए। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 240.73 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है। इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 209.69 अंकों की तेजी के साथ 55,792.27 और निफ्टी 51.55 अंक गिरकर 16,614.60 पर बंद हुआ था।

एक लीटर डीजल की कीमत बुधवार को 19-21 पैसे कम हुई हैं। जबकि पेट्रोल की कीमत जस की तस है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के मुताबिक राजधानी दिल्ली में डीजल 20 पैसे सस्ता होकर 89.67 रुपए पर बिक रहा है। आखिरी बार 17 जुलाई, 2021 को फ्यूल प्राइसेज में बदलाव हुए थे।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने निजी क्षेत्र के देश के सबसे बड़े बैंक HDFC बैंक को बड़ी राहत दी है। RBI ने बैंक को नए क्रेडिट कार्ड जारी करने की मंजूरी दे दी है। दिसंबर में रिजर्व बैंक ने नया क्रेडिट कार्ड जारी करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। खबर आने के बाद HDFC बैंक के शेयर में BSE पर 3% तक की तेजी देखने को मिली, बाद में 0.13% की गिरावट के साथ 1512.90 पर बंद हुआ।

इससे पहले अमेरिका के शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। डाओ जोंस 0.79% कमजोर होकर 35,343 पर बंद हुआ। नैस्डैक 0.93% की कमजोरी के साथ 14,656 और S&P 500 0.71% की गिरावट के साथ 4,448 पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *