यो-यो हनी सिंह पर घरेलू हिंसा का केस

बॉलीवुड सिंगर और रैपर हृदेश सिंह उर्फ हनी सिंह पर उनकी पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। शालिनी ने अगस्त में यो- यो के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी जिसकी पहली सुनवाई 28 अगस्त को हुई थी। इस सुनवाई में हनी सिंह खराब तबियत का हवाला देकर नहीं पहुंचे थे, जिसके बाद जज ने उन्हें अगली सुनवाई में शामिल होने के सख्त आदेश दिए थे। 3 सितम्बर को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में इस मामले की दूसरी सुनवाई हुई है जिसमें सिंगर अपने वकील के साथ जज के सामने पेश हुए हैं।

हनी सिंह के वकील ने मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट तानिया सिंह के सामने एक आवेदन पेश किया है जिसमें उन्होंने इस पूरे मामले की सुनवाई एक चैंबर में, बिना रिपोर्टर्स के करने की गुजारिश की है। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद ही जज द्वारा उनके आवेदन पर विचार किया जाएगा।

खबरों की मानें तो जज तानिया सिंह ने हनी सिंह और उनकी पत्नी शालिनी तलवार को अपने चैंबर में बुलाकर कई देर तक समझाया है।

इस केस की पहली सुनवाई 28 अगस्त को हुई थी जहां शालिनी अपनी आपबीती सुनाते हुए रो पड़ी थीं। शालिनी ने कहा था कि उनके पास कोई और रास्ता नहीं था और ये कहते हुए वो अपने आंसू नहीं रोक सकी। शालिनी ने कोर्ट को बताया उन्होंने हनी सिंह को अपनी जिंदगी के 10 साल दिए हैं और वो हमेशा से ही सिंगर के साथ खड़ी रही हैं, लेकिन अब सिंगर ने उन्हें छोड़ दिया है। सुनवाई के बाद कोर्ट का मानना है कि ये बेहतर होगा अगर इस मामले में सेटलमेंट हो जाए।

हनी सिंह पिछली सुनवाई में अस्वस्थ होने का हवाला देते हुए पेश नहीं हुए थे। इस पर कोर्ट की जज तानिया ने उन्हें फटकार लगाते हुए उनके वकील से कहा था कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और सिंगर की अनुपस्थिती इस बात का प्रमाण है कि केस को कितने हल्के में लिया जा रहा है। कोर्ट ने सिंगर की मेडिकल और इनकम टैक्स रिपोर्ट भी मांगी है।

बता दें कि हनी सिंह और शालिनी तलवार दोनों स्कूल में साथ पढ़ते थे जहां दोनों को प्यार हो गया था। 10 सालों तक रिलेशन में रहने के बाद दोनों ने परिवार की रजामंदी से 2011 में दिल्ली के एक गुरुद्वारे में शादी की थी। सिंगर ने रियलिटी शो इंडियाज रॉकस्टार के दौरान शालिनी को इंट्रोड्यूस करवाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *