अमेरिकी बिजनेसमैन एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में अंतरिक्ष सैर पर गए चार आम लोग वापस लौट आए हैं। आज सुबह एयरक्राफ्ट ने फ्लोरिडा के तट के आगे अटलांटिक समुद्र में लैंडिंग की। चारों लोग तीन दिन पहले इंस्पिरेशन-4 नाम के इस मिशन पर गए थे।
भारतीय समय के मुताबिक, सुबह 5.30 बजे स्पेसएक्स कैप्सूल पैराशूट के साथ समुद्र में उतरा। उस समय अमेरिका में शाम हो रही थी। सूरज ढलने से कुछ देर पहले ही कैप्सूल वहीं आकर उतरा जहां से तीन दिन पहले उसने अंतरिक्ष की उड़ान भरी थी।
समुद्र में कैप्सूल के उतरने के बाद स्पेसएक्स के मिशन कंट्रोलर ने कहा- स्पेसएक्स की तरफ से पृथ्वी पर आपका स्वागत है। आपके मिशन ने दुनिया को दिखा दिया है कि स्पेस हम सभी के लिए है।इस मिशन के जरिए एलन मस्क ने 200 मिलियन डॉलर इकठ्ठा करने का लक्ष्य रखा था। यह फंड सेंट ज्यूड चिल्ड्रन रिसर्च हॉस्पिटल को दिया जाना था। मिशन पूरा होने तक 160 मिलियन डॉलर जुटा लिए गए थे। जिसके बाद एलन मस्क ने 50 मिलियन डॉलर अपनी तरफ से दिए।
इस सफर पर गया क्रू दुनिया में पहला था, जो बिना किसी प्रोफेशनल एस्ट्रोनॉट के अंतरिक्ष में गया था। मिशन कमांडर जैरेड आइसेकमैन ने लैंडिंग के बाद कहा- बहुत-बहुत शुक्रिया स्पेसएक्स। यह यह हमारे लिए जबरदस्त यात्रा थी, जिसकी अभी सिर्फ शुरुआत ही हुई है। जैरेड आइसेकमैन अरबपति है और उन्होंने ही इस ट्रिप के लिए फंडिंग दी थी।
कौन थे क्रू मेंबर?
- जैरेड आइसेकमैन: मिशन की पूरी कमांड इसाकमैन के हाथों में थी। 38 साल के आइसेकमैन शिफ्ट4पेमेंट नामक पेमेंट कंपनी के फाउंडर और CEO हैं। 16 साल की उम्र में ही उन्होंने इस कंपनी की शुरुआत की थी और आज वे अरबपति हैं। वे प्रोफेशनल पायलट हैं और अपनी पायलट ट्रेनिंग कंपनी के जरिए अमेरिकी एयरफोर्स के पायलट्स को ट्रेनिंग देते हैं।
- हेयली आर्केनो: हेयली कैंसर सर्वाइवर हैं। 29 साल की हेयली अंतरिक्ष में जाने वाली सबसे कम उम्र की अमेरिकी नागरिक हैं। उन्हें हड्डियों का कैंसर था और उनका इलाज टैनेसी के सेंट जूड हॉस्पिटल में हुआ था। मिशन में हेयली को मेडिकल ऑफिसर की जिम्मेदारी मिली है।
- शॉन प्रोक्टर: 51 साल के प्रोक्टर एरिजोना के एक कॉलेज में जियोलॉजी की प्रोफेसर हैं। प्रोक्टर के पिता अपोलो मिशन के दौरान नासा के साथ काम कर चुके हैं। वे खुद कई बार नासा के स्पेस प्रोग्राम में पार्टिसिपेट कर चुकी हैं।
- क्रिस सेम्ब्रोस्की: 42 साल के क्रिस अमेरिकी एयरफोर्स के पायलट रहे हैं और इराक युद्ध में भी शामिल थे। फिलहाल क्रिस एयरोस्पेस और डिफेंस निर्माता कंपनी लॉकहीड मार्टिन के साथ काम कर रहे हैं।
स्पेसएक्स के फुली ऑटोमेटिड ड्रेगन रॉकेट कैप्सूल ने बुधवार रात को लिफ्टऑफ किया था, जिसके बाद यह 585 किमी की ऊंचाई पर पहुंचा। इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से भी 160 किमी आगे निकलकर क्रू ने पृथ्वी के नजारे देखे।
चारों क्रू सदस्यों ने अमेरिकी समय के मुताबिक, शनिवार शाम को पृथ्वी के वातावरण में एंट्री लेना शुरू किया था। 1969 में अपोलो 9 के बाद यह पहले स्पेस ट्रैवलर्स हैं जिन्होंने अपनी स्पेस यात्रा अटलांटिक में उतरकर पूरी की। इससे पहले नासा के दोनों स्पेस स्प्लैशडाउन मेक्सिको की खाड़ी में हुआ था।