इनवेस्को की EGM बुलाने की मांग पर बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंची जी

जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड, निवेशक इनवेस्को और OFI ग्लोबल चाइना फंड LLC के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट चली गई है। दरअसल, ये दोनों कंपनियां जी के मैनेजिंग डायरेक्टर पुनीत गोयनका को हटाने समेत कई मसलों पर चर्चा करने के लिए एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) बुलाने की मांग कर रहे थे। जी एंटरटेनमेंट का कहना है कि पुनीत गोयनका को MD पद से हटाने की मांग गलत है।

NCLT के आदेश के बाद कल जी एंटरटेनमेंट ने बोर्ड की मीटिंग बुलाई। स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में जी एंटरटेनमेंट ने कहा कि कंपनी और शेयरधारकों के हित में वह EGM नहीं बुलाएगी। बोर्ड ने कहा कि उसने इस बारे में कानूनी सलाह ली है और उसी आधार पर काम करेगी। जी ने कहा कि गोयनका इंट्रेस्टेड पार्टी हैं। उन्होंने बोर्ड मीटिंग अटेंड नहीं की।

NCLT में इस मैटर की सुनवाई 4 अक्टूबर को होनी है। कानूनी जानकार कहते हैं कि अगर शेयरधारकों ने इन्वेस्को का साथ दिया तो पुनीत गोयनका की छुट्‌टी EGM में तय है। अगर ऐसा हो जाता है तो सोनी पिक्चर्स के साथ जी की डील भी अटक जाएगी। हालांकि नया बोर्ड चाहे तो डील कर भी सकता है या नहीं भी कर सकता है, यह फैसला नए बोर्ड को लेना होगा।

नियम के अनुसार, अगर कोई कंपनी किसी कंपनी में 10% से ज्यादा की निवेशक है और वह EGM बुलाने के लिए नोटिस देती है, तो कंपनी को 3 हफ्ते के अंदर EGM बुलानी होती है।

जी एंटरटेनमेंट में इन्वेस्को की 18% के करीब हिस्सेदारी है। इन्वेस्को ने कॉर्पोरेट गवर्नेंस का मुद्दा उठाते हुए EGM बुलाने की मांग की थी। इन्वेस्को ने पहले 11 सितंबर को EGM के लिए नोटिस दिया था। जी को यह नोटिस 12 सितंबर को मिला था। इसके अनुसार जी को 2 अक्टूबर तक EGM बुलाने की घोषणा करने का समय है। यदि जी एंटरटेनमेंट EGM की तारीख घोषित करने में फेल होती है तो इन्वेस्को खुद मीटिंग की तारीख घोषित कर सकती है।इन्वेस्को ने जिस दिन EGM बुलाने का नोटिस दिया था, उसी दिन जी एंटरटेनमेंट के दो स्वतंत्र निदेशकों ने इस्तीफा दे दिया था। 22 सितंबर को जी के बोर्ड ने यह कहा कि वह सोनी पिक्चर्स के साथ मर्जर कर रहा है। इस मर्जर को अगले 90 दिनों में पूरा किया जाएगा। तब तक मर्जर से जुड़े प्रोसीजर पर काम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *