डांस रियलिटी शो ‘डांस दीवाने 3’ को अपना विनर मिल गया है। कल यानी रविवार को शो का ग्रैंड फिनाले हुआ जिसमें पीयूष गुरभेले और उनके कोरियोग्राफर रुपेश सोनी ने ‘डांस दीवाने 3’ की ट्रॉफी पर अपनी जीत दर्ज की है। पीयूष और रुपेश इस सीजन के विनर बन गए हैं। दोनों को ट्रॉफी, के साथ साथ 40 लाख रुपए की पुरस्कार राशि और एक मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार जीती है। माधुरी दीक्षित, धर्मेश येलांडे और तुषार कालिया शो के जज थे। शो की होस्टिंग भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने की थी।
पीयूष गुरभेले ने अपनी जीत पर कहा, “मैं एक्साइटेड हूं, खुश हूं, बहुत सारे इमोशन्स उमड़ रहे हैं जिन्हें मैं बयां नहीं कर सकता हूं। ये अभी भी एक सपने की तरह लग रहा है और मैं माधुरी मैम, तुषार सर, धर्मेश सर, रुपेश और बाकी सभी जिन्होंने मेरा गाइड किया है इस सफर में। मैं उन ऑडियंस को भी धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने हमारा सपोर्ट किया और हमारी कला पर इतना विश्वास किया।”
वहीं रूपेश ने कहा, “ये मेरे और मेरे पार्टनर पीयूष के लिए बहुत बड़ी जीत है। नामचीन आर्टिस्ट्स जिन्होंने हमारी मदद की, गाइड किया, उनके आगे परफॉर्म करना बहुत ही उम्दा सफर रहा। इस शो ने आगे इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए दरवाजे खोल दिए हैं।”
शो के अन्य फाइनलिस्ट सोहेल खान-विशाल सोनकर, गुंजन सिन्हा-सागर बोरा, अमन कुमार राज-योगेश शर्मा, सोमांश डंगवाल-आकाश थापा और सूचना चोरगे-वैष्णवी पाटिल थे। ‘डांस दीवाने 3’ के फिनाले में भी दुर्लभ परफॉर्मेंस देखने को मिलीं। फिनाले में गेस्ट मिथुन चक्रवर्ती और माधुरी दीक्षित ने अपनी फिल्म ‘प्रेम प्रतिज्ञा’ के गाने प्यार कभी कम नहीं करना पर डांस किया।