बंगाली एक्ट्रेस और टीएमसी सांसद नुसरत जहां ने ये इशारा किया है कि वह यश दासगुप्ता के साथ शादी कर चुकी हैं। हाल ही में यश के जन्मदिन पर नुसरत ने सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं जिनमें उन्होंने केक पर यश के लिए हस्बैंड और फादर जैसे शब्द लिखे हैं।
इसके अलावा उन्होंने यश का बर्थ-डे सेलिब्रेट करते हुए कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। बता दें कि नुसरत और यश इसी साल 26 अगस्त को एक बेटे ईशान के पेरेंट्स बने हैं। पहले नुसरत ने बच्चे के पिता के नाम का खुलासा नहीं था लेकिन फिर सोशल मीडिया पर बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट वायरल हो गया जिसमें बच्चे के पिता का नाम यश दासगुप्ता ही लिखा था।
हाल ही में नुसरत ने एक इंटरव्यू में यश के साथ अपनी बॉन्डिंग पर कई बातें कही हैं। उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें और यश को इस बात को लेकर निगेटिव रिएक्शन झेलने पड़े कि वो बिन शादी किए ही मां-बाप बन गए।नुसरत ने कहा कि ये सब इस तरह नहीं भी हो सकता है। क्या लोगों को पता है कि ये बच्चा शादी के बाद हुआ है या बिन शादी के? हम चीजों के बारे में खुलेआम बोलते नहीं इसका मतलब ये नहीं है कि जो कहा जा रहा है वो सच हो। जैसा कि यश ने भी कहा है कि हम सब डिक्लेयर नहीं करते और ये कंफ्यूजन बना रहे तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है।
यश के साथ रिश्ते का करेंट स्टेटस पूछने पर नुसरत ने कहा, हम अच्छे दौर में हैं।हमने ज़िंदगी की सबसे बड़ी मुश्किल को पार कर लिया है। सिर्फ प्यार के बल पर, बहुत ज्यादा एक-दूसरे को न जानते हुए भी हम एक बच्चे के पेरेंट्स बन गए, ये एक बहादुरी का काम है। मैं खुश हूं कि हमने इसे कर दिखाया।
नुसरत कुछ समय पहले पति निखिल जैन के साथ विवादों के चलते सुर्खियों में आई थीं। निखिल और नुसरत पिछले साल नवंबर से अलग रह रहे हैं। दोनों के रिश्ते पर लगातार सवाल उठ रहे थे जिसके बाद नुसरत ने मीडिया के सामने आते हुए निखिल के साथ अपनी शादी को अमान्य करार दे दिया था और उनपर अपने पैसों के गलत इस्तेमाल और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे।
वहीं, निखिल ने आरोपों पर कहा था कि शादी के बाद से ही नुसरत के व्यवहार में बदलाव आ गया था। नुसरत ने उनसे काफी पैसे उधार लिए थे। निखिल ने ये भी कहा कि बार-बार शादी रजिस्टर करवाने की बात कहने के बावजूद नुसरत ने उनकी बात नहीं सुनी और आनाकानी करते हुए इसे टालती रहीं।
निखिल और नुसरत की शादी तुर्की में 19 जून 2019 को टर्किश मैरिज रेग्युलेशन्स के आधार पर हुई थी। इसके आधार पर ही नुसरत ने निखिल से अपने सेपरेशन के लिए तलाक का आवेदन देने से मना कर दिया था। नुसरत का कहना है कि तुर्की का कानून भारत में मान्य नहीं है इसलिए उनकी शादी की भी यहां कोई मान्यता नहीं। वे तो निखिल के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। निखिल और नुसरत दोनों ने ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक-दूसरे की तस्वीरें डिलीट कर दी हैं। नुसरत ने 2019 में TMC के टिकट पर बशीरहाट लोकसभा सीट पर चुनाव जीता था।