टाटा मोटर्स अगले चार साल में 2 अरब डॉलर तक यानी लगभग 15,000 करोड़ रुपए निवेश करेगी और 10 नई इलेक्ट्रिक गाड़ियां लॉन्च करेगी। कंपनी की पैसेंजर व्हीकल बिजनेस यूनिट के प्रेसिडेंट शैलेश चंद्रा ने बताया कि इन नई इलेक्ट्रिक गाड़ियों में कुछ कारें और कुछ SUV होंगी। कंपनी कुछ साल से लॉस में चल रहे पैसेंजर व्हीकल बिजनेस की स्थिति अगले वित्त वर्ष तक प्रॉफिट में आने और फ्री कैश फ्लो जेनरेट करने का अनुमान भी लगा रही है।
चंद्रा ने बताया कि कंपनी ने इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए स्ट्रॉन्ग लॉन्चिंग प्लान बनाया है जिससे अगले चार से पांच साल में 20% सेल्स हासिल हो सकती है। कंपनी इलेक्ट्रिक गाड़ियों में लगभग दो अरब डॉलर के निवेश से 10 नई इलेक्ट्रिक गाड़ियां बनाएगी, प्रोडक्शन कैपेसिटी और चार्जिंग नेटवर्क में इजाफा किया जाएगा। प्राइवेट इक्विटी फर्म TPG राइज क्लाइमेट ने हाल ही में 9.1 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर टाटा मोटर्स के पैसेंजर इलेक्ट्रिक व्हीकल डिविजन में 1 अरब डॉलर का निवेश किया है।
उन्होंने कहा कि कंपनी के पास अभी सिर्फ दो इलेक्ट्रिक व्हीकल- नेक्सॉन और टिगोर EV हैं। इनके लिए कंपनी को हर महीने 3,000 से 3,500 गाड़ियों की बुकिंग मिल रही है, जबकि वह सिर्फ 1,000 गाड़ियां ही सप्लाई कर पा रही है। सितंबर में कंपनी की इलेक्ट्रिक गाड़ियों की टोटल सेल्स 10,000 यूनिट से ज्यादा हो गई थी। इसमें सबसे ज्यादा बिक्री नेक्सॉन की रही थी।
इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग मजबूत रहने की उम्मीद कर रही कंपनी ने हाल ही में टिगोर इलेक्ट्रिक सेडान का अपग्रेडेड वर्जन लॉन्च किया है। दरअसल केंद्र और राज्य सरकार ग्रीन टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने और चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने के लिए बेनेफिट ऑफर कर रही है। बताया जाता है कि कंपनी अपने मौजूदा पेट्रोल और डीजल प्रॉडक्ट्स को इलेक्ट्रिक बनाने पर विचार कर रही है। कंपनी एल्ट्रॉस हैचबैक और हाल में लॉन्च मिनी SUV पंच का इलेक्ट्रिक वर्जन ला सकती है।टाटा मोटर्स की नेक्सान SUV, टियागो और एल्ट्रॉस SUV के अलावा प्रीमियम ऑफ रोडर हैरियर और सफारी की अच्छी मांग निकल रही है। सेमी कंडक्टर की कमी के बावजूद कंपनी पिछले कुछ महीनों से हर महीने लगभग 30,000 गाड़ियां बेच रही है। चंद्रा ने पंच से कंपनी की पैसेंजर व्हीकल की बिक्री बढ़कर 40,000 से ज्यादा होने का अनुमान जताया है।