IPL 2022 के सभी मैच भारत में ही होंगे

BCCI सचिव जय शाह ने IPL के अगले सीजन को लेकर बड़ा ऐलान किया है। प्रीमियर लीग का 15वां सीजन भारत में ही खेला जाएगा। शाह ने IPL 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की जीत का जश्न मनाने के लिए आयोजित ‘द चैंपियंस कॉल’ कार्यक्रम में इस बात की पुष्टि की है।

उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि आप सभी चेपॉक में चेन्नई को खेलते हुए देखने के लिए इंतजार कर रहे हैं। वह समय अब बहुत दूर नहीं है। IPL का 15वां सीजन भारत में ही होगा और दो नई टीमों के शामिल होने के साथ यह पहले से कहीं अधिक रोमांचक होगा।’

जय शाह ने आगे कहा, ‘इस सीजन को लेकर बड़ी नीलामी होने वाली है। इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि IPL के लिए नए टीम संयोजन कैसे दिखते हैं।”बता दें, IPL 2021 का सीजन भारत में शुरू हुआ था, लेकिन खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बड़े पैमाने पर कोरोना संक्रमित पाए जाने के कारण टूर्नामेंट को बीच में ही रद्द कर दिया गया था। इसके बाद UAE में सितंबर-अक्टूबर में IPL सीजन के बाकी मुकाबले खेले गए थे। फाइनल में चेन्नई की टीम कोलकाता को हराकर चौथी बार विजेता बनी थी। इससे पहले कोरोना के कारण ही 2020 का पूरा IPL सीजन भी भारत के बजाय UAE में ही खेला गया था।

इस साल की शुरुआत में कोरोना महामारी के बाद पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट भारत में लौटा था। इंग्लैंड की टीम पांच टेस्ट, पांच टी-20 और तीन वनडे मैच खेलने भारत आई थी। इसी साल अक्टूबर में BCCI ने लखनऊ और अहमदाबाद की फ्रेंचाइजी को IPL 2022 सीजन में जोड़ा था। 2022 के सीजन में 10 IPL टीमें खेलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *