किम जोंग उन का आदेश:नॉर्थ कोरिया में 11 दिन तक हंसने, शराब पीने और शॉपिंग पर रोक

नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अपने पिता और देश के पूर्व तानाशाह किम जोंग-इल की 10वीं बरसी पर तुगलकी फरमान जारी किया। इसमें लोगों के हंसने, शॉपिंग करने और शराब पीने पर रोक लगा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किम ने आज यानी शुक्रवार से 11 दिन तक के लिए देश में राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।रेडियो फ्री एशिया ने नॉर्थ कोरिया में सिनुइजु शहर के लोगों से बातचीत की। उन्होंने बताया- अब आम लोग रोजमर्रा के जरूरी सामान खरीदने भी बाहर नहीं जा सकते। अगर कोई नियम तोड़ता है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक नागरिक ने नाम न बताने की शर्त पर कहा- पहले भी जो लोग किम जोंग-इल की बरसी पर नशे में पाए जाते थे, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता था। इनमें से ज्यादातर की बाद में कोई खबर नहीं मिलती थी।

प्रतिबंध के 11 दिन के दौरान अगर किसी की मौत हो जाती है तो उसका परिवार जोर से रो भी नहीं सकता। शोक के अवधि पूरी होने के बाद ही लाश को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा सकता है। इन 11 दिनों में अगर किसी का जन्मदिन आता है तो वो इसे सेलिब्रेट नहीं कर सकेगा।

ह्वांगहो प्रांत के एक निवासी ने कहा- पुलिस से लोगों पर पैनी नजर रखने के लिए कहा गया है। अगर कोई नियम तोड़ता है उसे फौरन गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिसंबर के पहले दिन से ही शोक के दौरान लोग जुट नहीं सकेंगे। इसके लिए पुलिस की महीने भर की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान पुलिस अफसर नींद भी नहीं ले पाएंगे।किम जोंग उन के दादा किम इल-सुंग ने 1948 में वर्तमान नॉर्थ कोरिया की स्थापना की थी। उनकी मौत के बाद 1994 में उनके सबसे बड़े बेटे किम जोंग इल को सत्ता मिली। किम जोंग-इल ने 1994 से 2011 तक देश पर शासन किया। 17 दिसंबर 2011 को 69 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। पिता की मौत के बाद किम जोंग उन गद्दी पर बैठे। अब उन्होंने भी बतौर तानाशाह 10 साल पूरे कर लिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *