कोरोना देश-दुनिया में

गुजरात में विदेश से लौटे 3 लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। राज्य में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या अब 10 हो गई है। 2 संक्रमित UK से लौटे थे। वहीं, 1 संक्रमित दुबई से लौटी थी। UK से लौटे संक्रंमितों में 45 साल का NRI और 15 साल का बच्चा शामिल है। देश में अब तक मिले ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या 146 हो गई है। देश में सबसे ज्यादा ओमिक्रॉन संक्रमित महाराष्ट्र (48) में मिले हैं।

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने शनिवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस का डेल्टा वैरिएंट अभी भी मेन सर्कुलेटिंग वैरिएंट बना हुआ है। ओमिक्रॉन इस मामले में डेल्टा से पीछे है। इसका मतलब है कि कोरोना से बचाव के मौजूदा उपाय और वैक्सीन प्रभावी रहेंगे।

ICMR के एडिशनल डॉयरेक्टर जनरल डॉ. समीरन पांडा ने बताया कि देश में ओमिक्रॉन पेशेंट्स की संख्या बढ़ सकती है। लेकिन जरूरी नहीं कि यह हेल्थ सिस्टम पर भारी बोझ डाले। हालांकि, राज्यों को सतर्क रहना होगा। देश में शुक्रवार को ओमिक्रॉन मामलों की संख्या 100 पार करने के मामले पर डॉ. पांडा ने कहा कि उनमें से अधिकतर केस ट्रैवल से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि अभी ओमिक्रॉन को लेकर अधिक डेटा की जरुरत है। इसलिए लोगों को सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना जारी रखना चाहिए और मौजूदा वैक्सीन पर भरोसा रखना चाहिए।

मध्य प्रदेश में 24 घंटे में 15 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सागर में 35 साल के मरीज की मौत भी दर्ज हुई है। सबसे ज्यादा 6 पॉजिटिव इंदौर में मिले। भोपाल में 5 नए केस आए है। सागर में 3 और सिवनी में 1 पॉजिटिव मिला है। प्रदेश में 31 दिन में 504 संक्रमित मिल चुके हैं। सबसे ज्यादा भोपाल में 206 और इंदौर में 187 मरीज मिले हैं।कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन ब्रिटेन में तेजी से पांव पसार रहा है। यहां अब तक इसके 24,968 केस मिल चुके हैं। वहीं इससे संक्रमित 7 लोगों की मौत भी हो चुकी है। ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी ने शनिवार को बताया कि 17 दिसंबर को 24 घंटे में ही कुल 10 हजार नए मरीजों की पहचान की गई है। इससे समझा जा सकता है कि नया वैरिएंट कितनी तेजी से फैल रहा है। अस्पताल में अभी नए वैरिएंट के 85 मरीजों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *