202 पदों पर भर्ती के लिए 2 हजार लोग:

202 पदों पर भर्ती के लिए 2 हजार लोग:

कोई किसी को धक्का दे रहा था तो किसी को बाइक पार्क करने की जगह नहीं मिली। छोटे बच्चों के साथ आई महिलाएं भीड़ देखकर हड़बड़ा गईं, फॉर्म हासिल करना किसी जंग को जीतने से कम नहीं था। जब कर्मचारी आवेदन का फॉर्म लेकर आए तो भीड़ टूट पड़ी, लोगों ने कर्मचारियों के हाथ से फॉर्म छीनना शुरू कर दिया। कुछ फॉर्म फट भी गए। भीड़ में गुस्साए लोगों ने एक दूसरे के साथ झूमा-झटकी भी की। जहां तक नजर गई सिर्फ भीड़ दिखी, जिसमें हर कोई बस आगे जाकर काउंटर तक पहुंचने के लिए कुछ भी करने को तैयार था। ये हालात मंगलवार को रायपुर के चीफ मेडिकल ऑफिसर के दफ्तर के थे।

दरअसल, ये भीड़ बेरोजगार युवक-युवतियों की थी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय में 202 अस्थाई पदों पर मेडिकल और नॉन मेडिकल स्टाफ की भर्ती की जा रही है। मंगलवार को इस प्रक्रिया का पहला दिन था। इंटरव्यू देने के लिए बेरोजगारों की भीड़ टूट पड़ी। 2 हजार से ज्यादा की संख्या में लोग यहां पहुंच गए।

भीड़ को स्वास्थ्य विभाग का अमला संभाल न सका। कई बार फॉर्म और आवेदकों के रजिस्ट्रेशन कांउटर को बंद करना पड़ा। अब मंगलवार को होने वाले इंटरव्यू को टालकर इसे बुधवार को आयोजित किया जाएगा, पहले दिन सिर्फ युवक युवतियों को आवेदन फॉर्म दिए गए। ये फॉर्म भी करीब 500 लोगों को भीड़ की वजह से मिल ही नहीं पाए।रायपुर के स्वास्थ्य विभाग को इस भीड़ का अंदाजा था, मगर किसी तरह का इंतेजाम नहीं दिखा, जिससे भीड़ पर काबू पाया जा सके। जबकि खुद चीफ मेडिकल अफसर दफ्तर की निगरानी में शहर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाया जा रहा है। मगर भीड़ को यहां संभाला नहीं जा सका। कार्यालय के बाहर की सड़क बाइक से भर गई, जिससे जाम के हालात बने। खास बात ये है कि भर्ती कोविड ड्यूटी के लिए करवाई जा रही है, मगर यहां भीड़ की वजह से कोविड प्रोटोकॉल मजाक बन गया।

रायपुर का स्वास्थ्य विभाग 202 अस्थाई पदों पर भर्ती कर रहा है । इसमें 9000 से लेकर 200000 तक की सैलरी वाली जॉब है। इसे लेकर कोई आखिरी तारीख तय नहीं है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जब तक पदों पर योग्य कैंडिडेट नहीं मिलेंगे, भर्ती चलती रहेगी। चीफ मेडिकल अफसर के दफ्तर में हर दिन सुबह 11:00 बजे से 1:00 बजे तक इंटरव्यू लिए जाएंगे।

इसमें डॉक्टर, मेडिकल ऑफिसर, डेंटिस्ट, हॉस्पिटल मैनेजर, स्टोर इंचार्ज कम फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, हाउस-कीपिंग सुपरवाइजर, ऑक्सीजन टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, टेलीफोन ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड जैसे पद शामिल है। 10वीं पास से लेकर MBBS और MD की शिक्षा हासिल कर चुके कैंडिडेट इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। एज कैटेगरी 18 से 64 साल तक रखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *