BSP उत्पादों पर अब स्मार्ट टैगिंग:

BSP उत्पादों पर अब स्मार्ट टैगिंग:

भिलाई इस्पात संयंत्र (सेल) अपने उत्पादों और ग्राहकों के भरोसे को कायम रखने के लिए समय समय पर नई नई तकनीकों का प्रयोग करता रहता है। इस बार वह तकनीक बीएसपी के प्रोडक्ट की पहचान को लेकर है। भिलाई इस्पात संयंत्र ने मर्चेंट मिल में उत्पादित स्ट्रक्चरल उत्पाद के त्वरित पहचान व ट्रेसेबिलिटी को सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रक्चरल उत्पाद के बंडलों की “यूनिक स्टड वेल्डेड टैगिंग” का प्रयोग करना शुरू किया है।

बीएसपी प्रबंधन के मुताबिक बाजार और ग्राहकों के मिजाज को भांपते हुए, सेल की सभी इकाइयों द्वारा ट्रैसेबिलिटी तकनीकों को अपनाया गया है। इस क्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र ने बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के उद्देश्य से “स्टड वेल्डेड वियर रेजिस्टेंस प्रिंटेड टैग्स” के माध्यम से स्ट्रक्चरल उत्पाद को टैग करने की अत्याधुनिक स्टड वेल्डिंग पद्धति को अपनाया है। इस संबंध में, भिलाई इस्पात संयंत्र की मर्चेंट मिल ने ग्राहकों को भेजने से पहले जनवरी 2022 से अपने तैयार स्ट्रक्चरल उत्पाद बंडलों को स्टड वेल्डिंग विधि से टैग करना शुरू कर दिया है। इस टैगिंग से ग्राहकों के बीच स्ट्रक्चरल उत्पाद की ब्रांड इमेज बढ़ने के साथ ही बाजार में हिस्सेदारी में वृद्धि होगी।औद्योगिक उत्पाद की पहचान में टैगिंग/एम्बोसिंग की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। साथ ही यह उत्पाद की ट्रेसेबिलिटी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने में अहम रोल अदा करता है। सही टैगिंग के न होने से या फिर टैंगिंग के टूट जाने से किसी भी औद्योगिक उत्पाद की पहचान करना तथा उसे खोजना एक दुष्कर कार्य हो जाता है। सही टैंगिंग के अभाव में अक्सर ग्राहकों द्वारा किसी भी छोटी/बड़ी परियोजनाओं में उपयोग के लिए उत्पाद को रिजेक्ट कर दिया जाता है। अतः उत्पाद पर उत्कृष्ट टैंगिंग समय की मांग बन चुकी है।

पुराने टैगिंग सिस्टम में टैग के स्ट्रैप टूटने, टैग के गिरने तथा मौसम की मार से खराब होने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती थी। इसके कारण उत्पाद की पहचान करने व खोजने में कठिनाई होने के साथ-साथ उत्पाद के रिजेक्ट होने की संभावना भी बढ़ जाती थी। अतः ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के लिए टैंगिंग की नई पद्धति “यूनिक स्टड वेल्डेड टैगिंग” का प्रयोग किया गया।स्टड वेल्डिंग विधि के साथ टैगिंग सिस्टम के भी कई लाभ हैं। टैग अब उचित बार कोड और हीट प्रूफ (200 डिग्री तक) से लैस हैं। इसे साइट पर बार कोड प्रिंटर के साथ मल्टी-कलर पूर्व-मुद्रित विकल्प के साथ प्रिंट किया जा सकता है। ये टैग मौसमरोधी और टूट-फूट रोधी होने के कारण इनकी विश्वसनीयता अधिक होती हैं। टैग स्टड वेल्डेड होते हैं और इसलिए इनके टूटने व गिरने की कम संभावना होती है। इसमें बंडलों के आगे/पीछे स्थान पर लगे होने के कारण इसे स्पष्ट रूप से देखा व पढ़ा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *