रायपुर पहुंचे सिंधिया का राहुल पर पलटवार:ज्योतिरादित्य बोले- मेरा देश एक है, एक परिवार है

रायपुर पहुंचे सिंधिया का राहुल पर पलटवार:ज्योतिरादित्य बोले- मेरा देश एक है, एक परिवार है

केंद्रीय बजट पेश हो जाने के बाद भाजपा अब उसे लोगों को समझाने की कोशिश में जुट गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को रायपुर पहुंचे। वे यहां भाजपा की ओर से आयोजित एक बजट केंद्रित संगोष्ठी में अपनी बात रखेंगे। इससे पहले एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें राहुल ने कहा था कि देश अरबपतियों और गरीबों के दो भागों में बांट दिया गया है। सिंधिया ने कहा शायद वे 2014 से पहले के भारत की बात कर रहे होंगे।

ज्योतिरादित्य ने कहा कि ऐसा बयान कोई भारत का नागरिक नहीं दे सकता। मेरा देश भारत है, मेरा देश एक है, मेरा देश एक परिवार है। भाई-भाई की संस्कृति मेरे देश में है। राहुल का बयान मोदी से पहले वाले भारत को लेकर है। जहां प्रगति नहीं होती थी, विकास नहीं होता था, भ्रष्टाचार का बोलबाला था। मोदी जी के बाद दूसरा देश दिखा। जहां भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा, विकास के द्वार खोले गए हैं। अंत्योदय के आधार पर केवल अपना हक नहीं दिया गया, विकास के नए आयाम बनाए गए।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने एक दिवसीय प्रवास पर शनिवार को सुबह 11 बजे रायपुर पहुंच गए। संगठन के पदाधिकारियों ने विमान तल पर उनका स्वागत किया। उसके बाद सिंधिया भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के लिए निकल गए।

वे यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। दोपहर 2.15 बजे वे जेल रोड स्थित होटल बेबीलान इन में केंद्रीय बजट-2022 संगोष्ठी में शामिल होंगे। इस संगोष्ठी में वे बजट के विभिन्न पहलुओं और उसके दूरगामी प्रभाव पर बात रखने वाले हैं।सिंधिया के छत्तीसगढ़ प्रवास का प्रभारी भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी को बनाया गया है। नलिनीश ठाेकने ने बताया, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शाम 5 बजे वापस हवाई अड्‌डे पहुंचेंगे जहां से उन्हें दिल्ली के लिए उड़ान भरना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *