संक्रमण घटा तो सख्ती भी घट गई:

संक्रमण घटा तो सख्ती भी घट गई:

छत्तीसगढ़ में कोरोना के घटते मामलों के चलते अब पाबंदियां भी कम की जा रही हैं। इसके लिए अलग-अलग जिले के कलेक्टर आदेश जारी कर रहे हैं। इस बीच कवर्धा कलेक्टर ने एक आदेश जारी कर कवर्धा शहर से नाइट कर्फ्यू हटा दिया है। साथ ही कवर्धा शहर के सभी स्कूल खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(GPM) जिले में स्कूल भी पूरी तरह अनलॉक कर दिए गए हैं। जिसके बाद GPM में बुधवार से पहली से आठवीं तक की कक्षाएं भी खुल गई हैं।

कलेक्टर ने अपने आदेश में कहा है कि कवर्धा नगर पालिका क्षेत्र के सभी प्ले स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र बुधवार से खोले दिए जाएंगे। इसके अलावा शहर से नाइट कर्फ्यू भी हटा दिया गया है। शहर में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पहले नाइट कर्फ्यू लगाया गया था। जिसे अब हटा दिया गया है। वहीं कवर्धा जिले के दूसरे इलाकों की बात की जाए तो वहां संक्रमण दर के हिसाब से स्कूल खोलने या बंद करने का फैसला लिया जा सकेगा। यहां कलेक्टर के आदेश के बाद बुधवार से स्कूल खोल दिए गए हैं।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कोरोना की संक्रमण दर को देखते हुए पहले ही 09 से 12 तक के कक्षाएं को खोलने की अनुमति दी गई थी। मगर अब कलेक्टर ने आदेश जारी कर पहली से 8वीं तक की कक्षाओं को भी खोलने के आदेश जारी कर दिए। आदेश जारी होने के बाद बुधवार को जिले के अलग-अलग स्कूलों में बच्चे पढ़ने के लिए पहुंचे।

वहीं अगर दोनों जिलों में कोरोना संक्रमण की बात की जाए तो कवर्धा में मंगलवार को 43 कोरोना मरीज मिले थे। इसके साथ ही यहां संक्रमित होने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 24 हजार 390 पहुंच गया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में मंगलवार को सिर्फ 11 मरीज ही मिले, यही राहत की बात है। यहां अब तक 13 हजार 60 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

इसके पहले रायगढ़ जिले में सभी स्कूल, कॉलेज खोलने के आदेश जारी किए गए थे। आदेश में यह भी कहा गया था कि स्कूल प्रबंधन को कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए ही कक्षाएं संचालित करनी होंगी। दुर्ग में कलेक्टर ने नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं ऑफलाइन मोड में कराने के आदेश भी जारी किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *