रायपुर में डेढ़ महीने बाद खुले स्कूल:आधे स्टूडेंट आए ही नहीं

रायपुर में डेढ़ महीने बाद खुले स्कूल:आधे स्टूडेंट आए ही नहीं

रायपुर में करीब डेढ़ महीने बाद अब स्कूल अनलॉक हो गए हैं। सोमवार को पहला दिन था, जब कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के स्टूडेंट्स स्कूल आए। इन बच्चों की ऑफलाइन क्लास लगाई जा रही है। पहले दिन आधे से अधिक स्टूडेंट्स स्कूल नहीं पहुंचे। टीचर्स और बच्चों ने बताया कि अगले महीने होने वाली परीक्षाओं की तैयारी में जुटे चुके हैं। जो स्टूडेंट स्कूल आए थे उन्हें उनकी कक्षाओं में बैठाकर ही रिवीजन करवाया गया।

रायपुर के दानी गर्ल्स स्कूल में छठवीं से बारहवीं तक 2500 के आसपास स्टूडेंट पढ़ती हैं, मगर सोमवार को 1100 के आसपास बच्चियां ही कक्षाओं में पहुंचीं। स्कूल आने पर स्टूडेंट्स को मास्क और सैनिटाइजर के नियमों का पालन करना पड़ रहा है। क्लासेस को सेनीटाइज किया गया है।

मोती बाग रोड स्थित जे एन पांडे बॉयज स्कूल में 400 के आसपास छात्र पहुंचे। यहां छठवीं से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह की पाली में लगाई गई थीं। प्रिंसिपल एमआर सावंत ने बताया कि अब क्लासेस में स्टूडेंट्स को बैठाकर एग्जाम की तैयारी करवाई जा रही है। परीक्षाओं में पूछे जा सकने वाले प्रश्नों की प्रैक्टिस करवाई जा रही है, ताकि स्टूडेंट अपना रिजल्ट बेहतर दे सकें।

राजधानी के इस बड़े सरकारी स्कूल में कई ऐसे बच्चे भी हैं जो अपने पैरेंट्स के फोन से ऑनलाइन क्लास अटेंड करते थे। पैरेंट्स के काम पर जाने के दौरान उनके पास फोन नहीं होता था, इसलिए परेशानी होती थी। अब ऑफलाइन क्लास अटेंड करने बच्चे स्कूल जा रहे।

सोमवार को स्कूलों में स्टूडेंट्स की चहल कदमी से थोड़ी रौनक नजर आई। 5 जनवरी को रायपुर के कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया था, तब रायपुर शहर में तीसरी लहर की वजह से कोरोना के मामले बढ़ रहे थे। संक्रमण की दर घटने की वजह से स्कूलों को शुरू कर दिया गया है। पहली से पांचवी तक की कक्षाएं फिलहाल नहीं लगाई जा रही हैं। छोटे बच्चों को ऑनलाइन ही पढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *