शेयर बाजार हफ्ते के तीसरे दिन गिरावट में रहा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 145 पॉइंट (0.25%) गिरकर 57,996 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 30 अंक (0.17%) टूटकर 17,322 पर बंद हुआ। आज बैंकिंग शेयर ज्यादा नीचे रहे।उधर, वेदांत फैशन के शेयर्स की आज लिस्टिंग हुई। यह 936 रुपए पर लिस्ट हुआ, पर बाद में यह 934 पर बंद हुआ। वेदांत फैशन का इश्यू में भाव 824 से 866 रुपए तय किया गया था। कंपनी फैशन और कपड़ों के कारोबार में है। इसने 993 का ऊपरी और 921 का निचला स्तर बनाया। इसका मार्केट कैप 22 हजार करोड़ रुपए से थोड़ा ज्यादा है।आज सेंसेक्स 168 अंक ऊपर 58,310 पर खुला था। इसने 58,569 का ऊपरी और 57,780 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से केवल 8 बढ़ने वाले रहे, बाकी 22 गिरावट में रहे। इसके गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में NTPC, अल्ट्राटेक, टाटा स्टील, ICICI बैंक, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस रहे।
इसके अलावा एशियन पेंट्स, पावरग्रिड, सनफार्मा, मारुति, टाइटन, इंडसइंड बैंक, इंफोसिस, एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा, TCS, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर के भी शेयर्स गिर कर बंद हुए।
सेंसेक्स के 243 शेयर्स लोअर और 383 अपर सर्किट में हैँ। इसका मतलब एक दिन में इनकी कीमत में एक तय सीमा से ज्यादा की न तो बढ़त हो सकती है न गिरावट हो सकती है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 262.02 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 261.87 लाख करोड़ रुपए था। लिस्टेड कंपनियों में 2,022 के शेयर्स बढ़त में और 1,331 गिरावट में रहे।
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 30 पॉइंट्स गिरकर 17,322 पर रहा। यह 17,408 पर खुला था और 17,257 का निचला तथा 17,490 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके नेक्स्ट 50, निफ्टी मिडकैप, बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स गिरावट में रहे।