PM की पठानकोट रैली:नरेंद्र मोदी बोले – कांग्रेस दोबारा सत्ता में आई तो पंजाब की सुरक्षा खतरे में

PM की पठानकोट रैली:नरेंद्र मोदी बोले – कांग्रेस दोबारा सत्ता में आई तो पंजाब की सुरक्षा खतरे में

पंजाब में पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पठानकोट में चुनावी रैली की। इस दौरान पीएम ने कांग्रेस पर जमकर निशाने साधे। पीएम ने कहा कि अगर कांग्रेस को दोबारा मौका मिला तो पंजाब की सुरक्षा को खतरे में डाल देंगे। पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह उन्हें गलत रास्ते पर जाने से रोकते थे। अब वह भी वहां नहीं हैं। आम आदमी पार्टी को मोदी ने कांग्रेस की फोटो कॉपी बताया। उन्होंने कहा कि आप और कांग्रेस पार्टनर इन क्राइम हैं। यह दोनों एक ही तरह से विरोध करते हैं।पीएम ने कहा कि जब भारत के जाबांज शौर्य दिखाते हैं तो यह दोनों पाकिस्तान की बोली बोलते हैं। एक ने पंजाब के युवाओं को नशे के जाल में धकेला। दूसरी दिल्ली के युवाओं को शराब का आदी बना रही है। एक ने पंजाब को लूटा, दूसरी दिल्ली में एक के बाद एक घोटाले कर रही है। यह दोनों एक ही थाली के चट्‌टे-बट्‌टे हैं। यह दोनों मिलकर पंजाब में मिलकर नूरा-कुश्ती कर रही हैं। यह आमने-सामने होने का दिखावा कर रहे हैं। पहली बार जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला तो कांग्रेस ने उन्हें समर्थन दिया था।

कांग्रेस ने पंजाब और देश की शान के खिलाफ कुकृत्य किए। इसी पठानकोट पर जब पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला किया था तो देश एकजुट था। उस वक्त कांग्रेस के नेता सेना के शौर्य के खिलाफ सवाल उठाए। कांग्रेस ने सेना पर शक किया था। शहीदों की शहादत पर कीचड़ उछालने का काम किया था। पुलवामा हमले की बरसी पर भी कांग्रेस ने पापलीला बंद नहीं की। यह बाज नहीं आ रहे हैं।

पीएम ने कहा कि वह पहले भी कई बार पठानकोट आए हैं। माझा की मिट्‌टी ने मुझे मां जैसा प्यार दिया है। लोगों के बीच इतने साल रहा। लेकिन जिस तरह से मुझे और भाजपा को हिंदुस्तान के अनेक प्रदेशों में सेवा का मौका मिला, वैसा पंजाब का नहीं मिला। पहले हम छोटे दल के रूप में हाशिए पर चलते थे। पंजाब की एकता, शांति और उज्जवल भविष्य के लिए हमने पार्टी के भविष्य की परवाह नहीं की। पीएम ने 5 साल सेवा का मौका मांगा। मैं आपको भरोसा देता हूं किसानी, व्यापार और इंडस्ट्री को फायदेमंद बनाया जाएगा। पंजाब को महफूज और चड़दीकलां में रखेंगे।पीएम ने कहा कि माझा में कोई औद्योगिक प्रगति नहीं है। केवल अवैध रेत खनन में लूट का धंधा चल रहा है। सरकार के पास कर्मचारियों का डंडा मारने के लिए पुलिस है लेकिन खनन माफिया महलों में मौज करता है। मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार बनी तो माफिया पंजाब छोड़ेगा। पंजाब का युवा बाहर नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *