उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना के केस कम होते ही नाइट कर्फ्यू को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। अब कोई पाबंदी नहीं रहेगी। 25 दिसंबर 2021 को सरकार ने कोरोना की तीसरी लहर शुरू होने पर रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया था। हालांकि, 13 फरवरी से कर्फ्यू में एक घंटे की ढील दी गई थी।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि अब प्रदेश में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक लगने वाले नाइट कर्फ्यू को खत्म कर दिया गया है। यह निर्देश आज रात से ही लागू होगा। वहीं मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सभी कार्यालय पहले की तरह 100 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने के निर्देश दिए हैं। अब शादी-विवाह में भी मेहमानों की संख्या को लेकर भी कोई पाबंदी नहीं रहेगी।यूपी में कोरोना के केस लगातार कम हो रहे हैं। शुक्रवार को 24 घंटे में 844 कोरोना के नए मरीज मिले थे। इसके अलावा 1647 कोरोना मरीज ठीक हुए थे। प्रदेश में अब कोरोना के 8683 एक्टिव मरीज हैं।
यूपी में सभी व्यवस्थाएं पटरी पर आ चुकी हैं। स्कूल, जिम, रेस्टोरेंट, होटल और सिनेमा हाल 6 दिन पहले ही खोले जा चुके हैं। 14 फरवरी से सभी स्कूल खोल दिए गए। हालांकि, छात्रों और स्कूल प्रशासन को कोरोना नियमों का पालन करना होगा। वहीं, रेस्टोरेंट, होटल, सिनेमा हाल के साथ ही पूरी क्षमता के साथ जिम सेंटर को भी पहले की तरह खोलने के निर्देश दिए गए थे।