रूस-यूक्रेन युद्ध से शेयर बाजार धराशाई हो गया। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2700 पॉइंट (4.72%) गिरकर 54,529 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 815 पॉइंट (4.78%) टूटा है। ये 16,247 पर पहुंच गया। सेंसेक्स की ये अब तक की चौथी बड़ी गिरावट है, वहीं 2 साल की सबसे बड़ी गिरावट है। आज की गिरावट के बाद BSE की लिस्टेट फर्म्स का मार्केट कैप 255.68 लाख करोड़ से घटकर 242.28 लाख करोड़ रुपए हो गया। इस गिरावट से निवेशकों के 13.4 लाख करोड़ रुपए डूब गए।आज के कारोबार में बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई हुई है। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 8.26% टूटा है। पंजाब नेशनल बैंक 15% और इंडसइंड बैंक 8% नीचे बंद हुए। रियल्टी इंडेक्स और ऑटो इंडेक्स भी करीब 7% टूटे है। टाटा मोटर्स में 10% से ज्यादा की गिरावट है। ये 51 रुपए टूटकर 425.90 पर आ गया है। इंडिया बुल्स रियल एस्टेट और गोदरेज प्रॉपर्टीज में भी करीब 10% की गिरावट है।
दूसरी ओर सोने में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। ये 52 हजार के करीब पहुंच गया है। इसके अलावा क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। इससे पहले 2014 में ऐसा हुआ था। रुपया 1.09 पैसे गिरकर 75.70 रुपए प्रति डॉलर पर आ गया। इससे पहले बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे मजबूत हुआ था।
रूस ने यूक्रेन पर हमले किया है। इस वजह से दुनिया के सभी शेयर बाजारों में गिरावट में हैं। बुधवार को यूक्रेन ने इमरजेंसी का ऐलान किया था। इसके बाद अमेरिकी बाजार भारी नुकसान में रहे थे। बुधवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.38%, S&P 500 1.84% और नैस्डैक कम्पोजिट 2.57% की गिरावट में रहा था।
एशियन मार्केट की बात करें तो आज जापान का निक्केई 1.81%, हॉन्ग-कॉन्ग का हैंग सेंग 3.21%, ताइवान का इंडेक्स 2.55% टूटा है। चीन के इंडेक्स शंघाई कंपोजिट में 1.70% और इंडोनेशिया के जकार्ता कंपोजिट में 1.48% की गिरावट रही। यूरोपियन मार्केट भी जमकर टूटे है। CAC और DAX में 4% से ज्यादा की गिरावट रही।बाजार के जानकारों का मानना है कि ऐसी स्थितियां हमेशा आती रहती हैं और आगे भी आएंगी। पर हर बार बाजार भारी गिरावट से उबरा ही है। चाहे वह 2008 का लेहमैन ब्रदर्स का संकट हो, 2019 का कोरोना हो या फिर अब रूस और यूक्रेन का मामला हो। कोरोना में तो भारतीय बाजार का सेंसेक्स 40 हजार से टूटकर 25 हजार तक जा चुका था। पर उसके बाद इसने 62 हजार का नया रिकॉर्ड भी बनाया।