उत्तर प्रदेश में सोमवार को 9 जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 57.53% मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा चंदौली में 61.99% वोटिंग हुई। जबकि आजमगढ़ में सबसे कम 55% वोटिंग हुई है। उधर, मल्हनी सीट पर प्रत्याशी धनंजय सिंह के समर्थकों और यादव गुट के बीच फायरिंग हुई। इस दौरान यादव गुट के संदीप यादव नाम के युवक को गोली लगी है। इसी तरह आजमगढ़ में फर्जी वोटिंग को लेकर सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प हुई है। इस दौरान पथराव कर गाड़ियों को तोड़ा गया। भाजपा प्रत्याशी ने सपा कैंडिडेट पर जान-माल की धमकी देने का आरोप लगाया है। फोर्स ने लाठीचार्ज कर स्थिति संभाली है।
यह पूरा मामला सदर विधानसभा में सिधारी थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर है। पुलिस मौके पर पहुंची है। यहां सपा से दुर्गा प्रसाद यादव और भाजपा से अखिलेश मिश्रा गुड्डू चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा ने सपा प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद यादव पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
उधर, यूपी चुनाव में आज अचानक गुजरात पुलिस की भी एंट्री हुई। किसान नेता योगेंद्र यादव ने एक वीडियो ट्वीट किया। इसमें गुजरात पुलिस का एक जवान कह रहा है कि योगी ही आएगा। उन्होंने इस वीडियो के साथ चुनाव आयोग को टैग किया है। साथ ही लिखा- देखिए! गुजरात पुलिस यूपी में चुनाव कराने आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद योगी ही आएंगे…कहने वाले गुजरात पुलिस के जवान को ड्यूटी से हटा दिया गया है। मिर्जापुर पुलिस ने इसकी जानकारी दी। हालांकि इससे पहले वाराणसी के DM ने कहा था कि वाराणसी में कहीं पर भी गुजरात पुलिस की ड्यूटी नहीं लगी है। बता दें कि चंदौली और मिर्जापुर में चुनाव कराने में गुजरात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
2017 में इन 54 सीटों में भाजपा ने 29, सपा ने 11, बसपा को 6, सुभासपा को 3, अपना दल(एस) को 4 और निषाद पार्टी को एक सीट मिली थी। कांग्रेस का पिछली बार खाता भी नहीं खुला था। वहीं, अगर 2012 की बात करें तो सपा को 34, बसपा को 7, भाजपा को 4, कांग्रेस को 3, कौमी एकता दल को 2 और अपना दल को 1 सीट मिली थी। इसके साथ ही 3 निर्दल प्रत्याशी जीते थे। इसके पहले 2007 में परिसीमन से पहले इन 9 जिलों में 52 विधानसभा सीट थीं। इनमें बसपा को 31, सपा को 14, भाजपा को 5 और जद(यू) को 1 सीट के साथ ही 1 निर्दलीय प्रत्याशी जीता था।