बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान आसनी आज अंडमान-निकोबार के तट से टकराएगा। इसके चलते इंडियन कोस्ट गार्ड ने बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप पर सभी नाविकों और मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की है और उन्हें समुद्र में नहीं जाने के लिए कहा है। मौसम विभाग ने इस तूफान से अंडमान निकोबार द्वीप की कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और बहुत तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
तूफान के कारण पोर्ट ब्लेयर और आसपास के द्वीपों के बीच चलने वाले सभी जहाजों को समुद्र में जाने से रोक दिया गया है। साथ ही यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 03192-245555/232714 और टोल-फ्री नंबर 1-800-345-2714 जारी किया है।मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही 2022 के पहले साइक्लोन को लेकर चेतावनी जारी की थी। विभाग ने कहा था कि बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र एक चक्रवर्ती तूफान का रूप ले सकता है। इस तूफान से भारी बारिश होने की संभावना है।विभाग ने बताया, ‘अंडमान-निकोबार के बाद इसकी उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। 20 मार्च को इसकी इंटेंसिटी कम होगी, जबकि 21 मार्च को यह चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद यह उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा और 22 मार्च को उत्तर म्यांमार-दक्षिण पूर्व बांग्लादेश तटों के पास पहुंचेगा।
IMD के डायरेक्टर मृत्युंजय मोहापात्रा ने बताया कि साल 1891-2022 के बीच मार्च के महीने में अब तक सिर्फ 8 साइक्लोन (अरब सागर में दो और बंगाल की खाड़ी में 6) बने हैं। आसनी मार्च में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह से टकराने वाला पहला ट्रॉपिकल साइक्लोन चक्रवात बन सकता है। मार्च में पिछले 132 सालों में एक भी ट्रॉपिकल साइक्लोन इस क्षेत्र में नहीं आया है।