कोरबा अस्पताल को मिली नई पहचान:सरकारी हॉस्पिटल अब स्व. प्यारेलाल कंवर के नाम से जाना जाएगा

कोरबा अस्पताल को मिली नई पहचान:सरकारी हॉस्पिटल अब स्व. प्यारेलाल कंवर के नाम से जाना जाएगा

कोरबा के मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सरकारी अस्पताल अब स्व. प्यारेलाल कंवर के नाम से जाना जाएगा। इसका एलान खुद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया है। कोरबा जिले के नागरिकों की मांग पर यह घोषणा की गई है। इससे पहले कोरबा के मेडिकल कॉलेज का नामकरण स्व. बिसाहू दास महंत के नाम पर किया जा चुका है। स्व. कंवर मध्यप्रदेश के जमाने में राज्य के उप मुख्यमंत्री थे।

छत्तीसगढ़ के सभी बड़े सरकारी अस्पताल सियासी हस्तियों के नाम पर हैं। रायपुर में पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय से जुड़े हॉस्पिटल का नाम डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर, जगदलपुर में बलिराम कश्यप के नाम पर मेडिकल कॉलेज, महेंद्र कर्मा के नाम पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल का नामकरण किया गया है।

रायपुर में मुख्यमंत्री से मिलने आए कोरबा के नागरिकों के प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही कोरबा जिले के कटघोरा में एक अतिरिक्त कलेक्टर और एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जल्द ही पदस्थापना करेंगे।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि कोरबा एक आदिवासी बाहुल्य जिला है। यहां हर क्षेत्र और समाज के लोगों के उत्थान के लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही है। इस दौरान कोरबा के प्रतिनिधि मंडल में शामिल पंचायत प्रतिनिधियों ने हाल ही में राज्य सरकार द्वारा जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के पदाधिकारियों के मानदेय में वृद्धि और जिला पंचायत विकास निधि तथा जनपद पंचायत विकास निधि योजना के प्रावधान के लिए आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *