बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स, सेंसेक्स और निफ्टी में नए वित्त वर्ष के पहले दिन शुक्रवार को शानदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 708.18 (1.21%) बढ़कर 59,276.69 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 205.70 (1.18%) की तेजी रही। यह 17,670.45 पर बंद हुआ। सबसे ज्यादा खरीदारी रियल्टी, पावर और बैंकिंग स्टॉक्स में दिखी। फार्मा और आईटी इंडेक्स फ्लैट बंद हुए।BSE का मिडकैप इंडेक्स 335.62 अंक (1.39%) की तेजी के साथ 24,443.59 पर बंद हुआ। स्मॉल कैप इंडेक्स भी 483.76 अंक (1.71%) की तेजी के साथ 28,699.41 पर बंद हुआ। मिडकैप में अडाणी पावर और बीएचईएल करीब 10-10% बढ़े। स्मॉलकैप में सह्याद्रि इंडस्ट्रीज, आईओएलसीपी और बैक्टर फूड में 20-20% की तेजी रही।
निफ्टी के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 10 हरे निशान में बंद हुए। केवल फार्मा में 0.03% की गिरावट दिखी। सबसे ज्यादा 3.99% की तेजी पीएसयू बैंक इंडेक्स में रही। प्राइवेट बैंक 2.23%, निफ्टी बैंक 2.13% और फाइनेंशियल सर्विस 1.87% की तेजी के साथ बंद हुए। रियल्टी इंडेक्स 2.37% चढ़ा। वहीं मीडिया 1.72%, ऑटो 1.18% और और एफएमसीजी इंडेक्स 1.17% चढ़ा। आईटी इंडेक्स 0.07% की मामूली बढ़त के साथ फ्लैट बंद हुआ।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा FY23 की शुरुआत पॉजिटिव नोट पर हुई। ग्लोबल मार्केट की ही तरह भारतीय बाजार भी शुरुआत में लगभग फ्लैट रहा लेकिन, बाद में बैंक, पावर और रियल्टी स्टॉक्स में जोरदार खरीदारी से बाजार मजबूत हुआ। मेगा पावर पॉलिसी के लिए कैबिनेट की मंजूरी, कच्चे तेल में गिरावट और ग्लोबल सिनारियो में बदलाव ने भी बाजार को मजबूती दी। आने वाले दिनों में रूस-यूक्रेन जंग, कच्चे तेल को लेकर उठाए गए कदम और RBI की मौद्रिक नीति की बैठकें मार्केट का रुख तय करेगी।