ब्रेबोर्न स्टेडियम में गुरुवार को हुए IPL के 7वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने अपनी पहली जीत हासिल की। उसने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के 211 के टारगेट को 20वें ओवर में हासिल कर लिया। लखनऊ की जीत के स्टार रहे एविन लुईस जिन्होंने इस सीजन की फास्टेस्ट फिफ्टी जड़ी और 55 रन बनाए। उनका साथ दिया यंगस्टर बदोनी ने, जिन्होंने 9 गेंदों में 19 रन की पारी खेली।
एक वक्त मैच लखनऊ की पकड़ से दूर लग रहा था, लेकिन लुईस और बदोनी ने 13 गेंदों में 40 रन की पार्टनरशिप कर 211 के टारगेट को छोटा बना दिया। चेन्नई की ओर से ड्वेन प्रिटोरियस ने 2 विकेट लिए। चेन्नई की तरफ से रन रॉबिन उथप्पा (50) और शिवम दुबे (49) ने बनाए।
लखनऊ की जीत में बड़ा रोल लुईस ने प्ले किया। कैरेबियाई खिलाड़ी ने विस्फोटक पारी खेलते हुए 23 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए। उन्होंने शिवम दुबे की गेंद पर सिक्स लगाकर केवल 23 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की। यह इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक रहा। उन्होंने 19वें ओवर में 25 रन जड़कर मैच का पासा पलट दिया।चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ब्रावो ने दीपक हुडा को आउट कर ये रिकॉर्ड बनाया। उनसे पहले इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा (170) के नाम पर दर्ज था।
धोनी 19वें ओवर में बैटिंग के लिए आए और उन्होंने छक्के के साथ अपना खाता खोला। इसके साथ ही वह IPL के 19वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। 19वें ओवर में माही अबतक 36 छक्के लगा चुके हैं। RCB के पूर्व स्टार एबी डिविलियर्स ने भी 36 छक्के लगाए थे। तीसरे नंबर पर आंद्रे रसेल (26) और चौथे पर कीरोन पोलार्ड (24) का नाम आता है। मैच में धोनी ने 6 गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाए। अपनी पारी का 15वां रन बनाने के साथ ही उन्होंने टी-20 फॉर्मेट में अपने 7,000 रन भी पूरे कर लिए। धोनी इस फॉर्मेट में 7 हजार रन बनाने वाले भारत के छठे खिलाड़ी बने। उनसे पहले विराट कोहली (10326), रोहित शर्मा (9936), शिखर धवन (8818), रॉबिन उथप्पा (7120) के नाम आते हैं। साथ ही IPL हिस्ट्री में धोनी ने पहली बार छक्के से खाता खोला।IPL के इस सीजन में टॉस बड़ी अहम भूमिका निभा रहा है। हर टीम टॉस जीतने पर फील्डिंग करना ही पसंद कर रही है। चेन्नई और लखनऊ दोनों ही टीमों ने वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी की और मुकाबला गंवा बैठे। ब्रेबोर्न स्टेडियम में भी हालात कोई बहुत अलग नहीं हैं। यहां भी टॉस जीतने वाली टीम को पहले गेंदबाजी में फायदा है। लेकिन, जडेजा लगातार दूसरी बार टॉस के मामले में अनलकी रहे। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी वह अपनी कप्तानी के डेब्यू मैच में टॉस हार गए थे।