मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पाटन में बने देश के पहले ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने हमर लैब का भी उद्घाटन किया। अब यहां के लोगों को एक ही जगह पर 54 प्रकार के टेस्ट की सुविधा मिल सकेगी।
पाटन में बना ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट देश का पहला यूनिट है। इस यूनिट के माध्यम से बीमारियों के सर्विलांस में काफी आसानी होगी। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटन में देश का पहला पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित हुआ यह गौरव की बात है। इसके साथ ही यहां पर अपडेटेड लैब का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लैब के इंस्ट्रूमेंट भी देखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमारियों के सर्विलांस में यह संस्थान काफी उपयोगी साबित होगा। इसके साथ ही पाटन के लोगों को टेस्ट कराने में काफी सुविधा होगी। इससे यहां इंफ्रास्ट्रक्चर को इंप्रूव करने में काफी मदद मिलेगी। सीएमएचओ डॉ. जेपी मेश्राम और बीएमओ डॉ.आशीष शर्मा ने मुख्यमंत्री को विस्तार से लैब के बारे में जानकारी दी है। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी उपस्थित थे। उन्होंने भी लैब का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से बढ़ती हुई स्वास्थ्य अधोसंरचना से नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल “छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय निषाद समाज परसुलीडिह केसरा” द्वारा बोरेन्दा में आयोजित महासभा में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत फूल-माला और देसी घी से बने बूंदी के लड्डूओं से किया गया। मुख्यमंत्री इस मौके पर कहा कि निषाद समाज कर्मठ व परिश्रमी समाज है। भगवान श्री रामचंद्र जी ने सबसे ज्यादा प्रेम व स्नेह भक्त गुहा निषाद से किया। भक्त गुहा निषाद सौम्य और सरल स्वभाव के कारण भगवान के हृदय में वास करते थे और यही कारण है कि निषाद समाज को भगवान श्रीराम ने अपने हृदय में स्थान दिया है।
मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों को बताया शासन की योजनाओं का लाभ लेकर वो लोग खेती की जमीन को मनरेगा से तालाब में परिवर्तित कर सकते हैं। उन्होंने कहा आज छत्तीसगढ़ में मछली पालन में 9% और मत्स्य बीज उत्पादन में 13% की वृद्धि हुई है। उन्होंने समाज के लोगों को कहा आप भी मत्स्य बीज उत्पादन के कार्य से जुड़ें। इसके विक्रय की व्यवस्था शासन कराएगी।
