जिस गोरखनाथ पीठ के पीठाधीश्वर CM योगी हैं, उस मंदिर में रविवार की शाम हमले की कोशिश की गई। मुंबई से आए एक युवक ने मंदिर में जबरन घुसने का प्रयास किया। सुरक्षा में तैनात PAC के जवानों को शक हुआ तो उसे रोका। युवक ने गमछे में धारदार हथियार लपेटकर रखा था। उसने हथियार निकालकर जवानों पर हमला कर दिया।
इस हमले में PAC के 2 जवान घायल हुए हैं। दोनों जवानों के पैर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले के बाद मंदिर के कर्मचारियों और भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीटा। उधर, बड़ी आतंकी साजिश की आशंका को देखते हुए ATS ने जांच शुरू कर दी है।
आरोपी गोरखपुर का रहने वाला है। उसका नाम अहमद मुर्तजा अब्बासी है। वह केमिकल इंजीनियर है। हमले के पीछे अहमद की मंशा क्या थी? इसका पता लगाया जा रहा है। शहर के अब्बासी नर्सिंग होम में पुलिस आरोपी के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है।
SSP डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि देर रात ATS ने जांच की कमान संभाल ली है। ATS और पुलिस टीम हमलावर अहमद मुर्तजा अब्बासी के घर पहुंची और उसके पिता और अन्य परिवार वालों से पूछताछ शुरू की। ATS उसका विदेशी कनेक्शन भी तलाश रही है। वह पता कर रही है कि आरोपी के पास पासपोर्ट था या नहीं। कभी वह विदेश गया था या नहीं। साथ ही उसके मोबाइल और लैपटाप के IP एड्रेस से विदेशी लोगों से बातचीत या फंडिग आदि की जांच कर रही है।
ATS जांच कर रही है कि कहीं इसमें आतंकी कनेक्शन तो नहीं है। 20 साल पहले गोलघर में सीरियल ब्लास्ट हो चुका है, जिसमें आतंकी संगठनों का नाम आया था। गोरखपुर और गोरखनाथ मंदिर CM का क्षेत्र होने के नाते हमेशा निशाने पर रहता है। CM अक्सर मजबूत कानून व्यवस्था और एक भी दंगा न होने का जिक्र करते रहते हैं, इसलिए आतंकियों का प्लान राज्य के लॉ एंड ऑर्डर को बिगाड़ने का है। बता दें कि योगी के शपथ ग्रहण के ही दिन गोरखपुर के चौरीचौरा में उपद्रव कराकर दंगा कराने की साजिश भी रची गई थी।
रविवार की शाम को अहमद मुर्तजा 7 बजे गोरखनाथ मंदिर के गेट पर पहुंचा। उसे देखकर सुरक्षा में तैनात PAC जवान गोविंद गौड़ और अनिल पासवान को उस पर शक हुआ। जवानों ने उसे चेकिंग के लिए रोक लिया। इस पर उसने अपने पास से धारदार हथियार निकाल कर जवानों पर हमला कर दिया।
जैसे ही जवान अनिल साथी गोविंद को बचाने के लिए आया तो अब्बासी ने उनके हाथ व पेट पर हमला कर दिया। दोनों जवानों पर वार होता देख गेट के अंदर ड्यूटी पर तैनात सिपाही अनुराग राजपूत इंसास राइफल के साथ पहुंचे तो आरोपी भागने लगा। गेट पर मौजूद मंदिर के कर्मचारियों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। बताया जा रहा है वह रविवार की सुबह मुंबई से गोरखपुर आया था। उसके पास से धारदार हथियार व लैपटॉप भी बरामद हुआ है। घायल जवानों को गोरखनाथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।