कश्मीर में बन रहा शारदा माता का मंदिर:सितंबर तक कर पाएंगे दर्शन

कश्मीर में बन रहा शारदा माता का मंदिर:सितंबर तक कर पाएंगे दर्शन

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में शारदा पीठ मंदिर नहीं जा पाने वाले हिंदुओं के लिए एक अच्छी खबर है। अब उत्तरी कश्मीर के टीटवाल इलाके में LOC के पास माता शारदा के मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। इस साल सितंबर तक इसे पूरा कर लिया जाएगा और भक्त मंदिर में दर्शन और प्रार्थना कर सकेंगे।मंदिर का निर्माण सेवा शारदा कमेटी कश्मीर (SSCK) की ओर से करवाया जा रहा है। SSCK के प्रमुख रविंदर पंडिता ने बताया कि निर्माण स्थल पर एक पूजा आयोजित की गई, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से कश्मीरी हिंदुओं ने भाग लिया। इस दौरान सिख और मुसलमान भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

पंडिता ने बताया कि माता के मंदिर का निर्माण कार्य इन दिनों जोरों पर है। हमें उम्मीद है कि छह महीने के भीतर निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। मंदिर का निर्माण POK में शारदा पीठ मंदिर की सदियों पुरानी तीर्थ यात्रा को पुनर्जीवित करने के लिए किया जा रहा है।शारदा पीठ का अर्थ है- शारदा की जगह या गद्दी। यह देवी सरस्वती का कश्मीरी नाम है। शारदा पीठ POK में नीलम नदी के किनारे शारदा गांव में स्थित एक मंदिर है। शारदा पीठ 18 महाशक्ति पीठों में से एक है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, यहां देवी सती का दायां हाथ गिरा था। इस प्राचीन विरासत स्थल को 1947 में नष्ट कर दिया गया था।शारदा पीठ में देवी सरस्वती की आराधना की जाती है। यह भारतीय उपमहाद्वीप के प्रमुख प्राचीन विश्वविद्यालयों में से एक था। शंकराचार्य यहीं सर्वज्ञपीठम पर बैठे थे। इस मंदिर की आखिरी बार मरम्मत 19वीं सदी के महाराजा गुलाब सिंह ने कराई थी। शारदा देवी मंदिर में आजादी के बाद से विधिवत पूजा नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *