पिछले सीजन टीम लगातार हार रही थी तब मैनेजमेंट ने बड़ा फैसला लेते हुए सीजन के बीच में ही डेविड वार्नर से कप्तानी छीन ली थी। अब 2022 सीजन में भी टीम लगातार हार रही है। ऐसे में सोशल मीडिया पर काव्या मारन की फोटो के साथ लोग कैप्शन में लिख रहे हैं कि उन्हें वार्नर से फोन पर बातचीत करनी चाहिए और उन्हें सॉरी बोलना चाहिए। बता दें कि वार्नर ने ही अपनी कप्तानी में 2016 में हैदराबाद को जीत दिलाई थी। अब इस सीजन वार्नर दिल्ली के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।हैदराबाद के कप्तान दोनों मैच में पूरी तरह से फ्लाॉप रहे हैं। लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में जब टीम को सबसे ज्यादा उनकी जरूरत थी तो ये खिलाड़ी सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गया। हैदराबाद टीम की पूरी बल्लेबाजी इन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती है। वहीं, इस साल रिटेन किए गए खिलाड़ी अब्दुल समद और उमरान मलिक का प्रदर्शन भी दोनों मैच में कुछ खास नहीं रहा है।
मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया IPL का 12वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 12 रन से जीत लिया है। ये टूर्नामेंट में उसकी लगातार दूसरी जीत है। लखनऊ ने पहले बैटिंग करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 170 का टारगेट दिया था। SRH की टीम 157 रन ही बना सकी। लखनऊ की ओर से आवेश खान ने 4 और जेसन होल्डर ने 3 विकेट लिए।
SRH को आखिरी ओवर में 16 रन चाहिए थे, लेकिन उसके बैटर 3 रन ही बना सके। SRH की ओर से सबसे ज्यादा 44 रन राहुल त्रिपाठी ने बनाए। इसके बाद पूरन (34) का नंबर रहा। हैदराबाद ने अब तक 2 मैच खेले हैं और दोनों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। LSG की ओर से कैप्टन केएल राहुल ने 68 और दीपक हुडा ने 51 रन की पारी खेली।
आवेश खान ने मैच में कमाल की बॉलिंग करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए। युवा तेज गेंदबाज ने केन विलियमसन (16), अभिषेक शर्मा (13), निकोलस पूरन (34) और अब्दिल समद (0) को आउट किया। 18वें ओवर में उन्होंने पूरन और समद को लगातार दो गेंदों पर आउट लेकर मैच को बदल दिया।
LSG के कप्तान केएल राहुल ने मुश्किल हालात में कमाल की पारी खेलते हुए 40 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। IPL में ये उनका 28वां और इस फॉर्मेट में ओवरऑल 50वां अर्धशतक रहा। वह 50 गेंदों में 68 रन बनाकर नटराजन की गेंद पर LBW आउट हुए। राहुल फटाफट क्रिकेट में 50 अर्धशतक लगाने वाले भारत के छठे खिलाड़ी बने। उनसे पहले विराट कोहली (75), रोहित शर्मा (69), शिखर धवन (63), गौतम गंभीर (53) और सुरेश रैना (51) के नाम आते हैं।
लखनऊ ने पहले 3 विकेट केवल 27 रन के स्कोर पर गंवा दिए थे। इसके बाद चौथे विकेट के लिए कप्तान केएल राहुल और दीपक हुडा ने 61 गेंदों पर 87 रन जोड़कर टीम को मुकाबले में वापस ला खड़ा किया। इस जोड़ी को शेफर्ड ने हुडा को आउट कर तोड़ा।10वें ओवर में उमरान मलिक ने 20 रन खर्च किए। उन्होंने पहली गेंद 148 kmph की रफ्तार से फेंकी थी, जिस पर हुड्डा ने डीप कवर पर चौका जमाया। इसके बाद ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर केएल राहुल ने दो कमाल के चौके लगाए। तीसरी गेंद 151 की रफ्तार से आई थी और केएल ने लेट कट कर दिया थर्ड मैन पर चौका लगाया। चौथी गेंद की स्पीड 145 थी जिस पर राहुल ने एक्सट्रा कवर पर चौका जमाया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
SRH: केन विलियमसन (कप्तान), अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, अब्दुल समद, रोमारियो शेफर्ड, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, उमरान मलिक।
LSG: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), मनीष पांडे, एविन लुईस, दीपक हुडा, आयुष बदोनी, क्रुणाल पंड्या, जेसन होल्डर, एंड्रयू टाय, रवि बिश्नोई, अवेश खान।