बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स, सेंसेक्स और निफ्टी में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शानदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 1292.33 पॉइंट (2.18%) की बढ़त के साथ 60,569.02 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 382 (2.17%) की तेजी रही। यह 18,053 पर बंद हुआ। सबसे ज्यादा खरीदारी बैंक, फाइनेंशियल सर्विस और मेटल स्टॉक्स में दिखी। रियल्टी और आईटी इंडेक्स फ्लैट बंद हुए।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 488 पॉइंट की बढ़त के साथ 59,764 पर खुला। आज सेंसेक्स ने 60,845 का ऊपरी और 59,760 का निचला स्तर बनाया। वहीं NSE का निफ्टी भी 139 अंको की बढ़त के साथ 17,809 पर खुला। सबसे ज्यादा बढ़त HDFC, बजाज फाइनेंस, टाइटन, एशियन पेंट्स के स्टॉक्स में दिखी।
निफ्टी के आज सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान के साथ बंद हुए। इसमें निफ्टी बैंक (4%) और फाइनेंशियल सर्विस (4.64%) के साथ सबसे ज्यादा बढ़त रही। वहीं ऑटो 1.19% और IT इंडेक्स (0.27%) के साथ बढ़त देखी गई। प्राइवेट बैंक 3.92% की तेजी रही। रियल्टी इंडेक्स 0.34% चढ़ा। वहीं मीडिया 1.41% और FMCG इंडेक्स 1.31% की बढ़त के साथ बंद हुआ।
BSE का मिडकैप इंडेक्स 310.99 अंक (1.27%) की तेजी के साथ 24,754.58 पर बंद हुआ। स्मॉल कैप इंडेक्स भी +483.01 अंक (1.68%) की तेजी के साथ 29,182.42 पर बंद हुआ। मिडकैप में बजाज होल्डिंग (12.84), JSW(5%), IRCTC (4.35%) और टाटा पावर (2.67%) बढ़े। स्मॉलकैप में जुआरी, SMLइसुजु, गोदरेज में 20-20% की तेजी रही।
HDFC और HDFC बैंक के विलय से मार्केट को मजबूती मिली
आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के इक्विटी हेड नरेंद्र सोलंकी के मुताबिक HDFC बैंक और HDFC लिमिटेड के मर्जर से मार्केट में बढ़त को मदद मिली। पेट्रोलियम, इंजीनियरिंग प्रोडक्ट और ज्वेलरी और केमिकल के शिपमेंट बढ़ने से 2021-22 के फाइनेंशियल ईयर में भारत के एक्सपोर्ट में 418 बिलियन अमरीकी डॉलर पहुंचने से भी मार्केट को सपोर्ट मिला।