लगातार चौथा मैच हारी मुंबई:

लगातार चौथा मैच हारी मुंबई:

IPL में शनिवार को दिन के दूसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया। RCB के सामने 152 का टारगेट था, जिसे टीम ने बहुत ही आसानी से 19वें ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अनकैप्ड अनुज रावत ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए।

5 बार IPL जीत चुकी MI की इस टूर्नामेंट में ये लगातार चौथी हार है। चेन्नई सुपर किंग्स भी मौजूदा सीजन में लगातार चार मैच गंवा चुकी है। वहीं, RCB की ये लगातार तीसरी जीत रही।

इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए मुंबई ने 20 ओवरों में 6 विकेट पर 151 रन ही बना सकी। सूर्यकुमार यादव (68) टॉप स्कोरर रहे। RCB की ओर से वानिंदु हसरंगा और हर्षल पटेल ने 2-2 विकेट चटकाए।RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली 36 गेंदों पर 48 रन बनाकर LBW आउट हुए। उनका विकेट डेवाल्ड ब्रेविस के खाते में आया। हालांकि कोहली ने अंपायर के फैसले के खिलाफ जाते हुए रिव्यू लिया, लेकिन रीप्ले में साफ नजर आया कि गेंद विकेट को हिट कर रही है। कोहली थर्ड अंपायर के भी फैसले से खुश नजर नहीं आए और उन्होंने पवेलियन जाते समय बल्ले को मैदान पर मारते हुए नजर आए।अनुज रावत और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 80 रन जोड़े। दोनों खिलाड़ियों ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर अनुज रावत रन आउट होकर पवेलियन लौटे और ये साझेदारी टूट गई।

मैच में पहला चौका लगाने के साथ ही कोहली ने IPL में अपने 550 चौके पूरे कर लिए। वो ऐसा करने वाले लीग के केवल दूसरे खिलाड़ी बने। कोहली से पहले ये कारनामा शिखर धवन कर चुके हैं। धवन के बल्ले से IPL में अब तक 668 चौके निकले हैं।फाफ डु प्लेसिस और अनुज रावत ने RCB को बढ़िया शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को जयदेव उनादकट ने डु प्लेसिस को आउट कर तोड़ा। फाफ 24 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए। उनका कैच लॉन्ग ऑन पर सूर्यकुमार यादव ने पकड़ा।

मुंबई ने अपना छठा विकेट केवल 79 रन के स्कोर पर गंवा दिया था और ऐसा लग रहा था कि शायद ही टीम 100 रनों का आंकड़ा पार कर पाएगी, लेकिन सातवें विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव और जयदेव उनादकट ने कमाल की बैटिंग करते हुए MI को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। दोनों ने 41 गेंदों में नाबाद 72 रन जोड़े। सूर्या 68 और उनादकट 13 रन पर नाबाद रहे।पिछले सीजन में पर्पल कैप जीतने वाले हर्षल पटेल इस टूर्नामेंट में लगातार कमाल की गेंदबाजी कर रहे हैं। इस मैच में उन्होंने 23 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। पटेल ने कप्तान रोहित शर्मा (26) और रमनदीप सिंह (6) को आउट किया।

मुंबई ने अपना पहला विकेट 50 और पांचवां 62 रन के स्कोर पर गंवाया। रोहित शर्मा 26 रन बनाकर हर्षल पटेल की गेंद पर आउट हुए। जबकि ईशान किशन (26) को आकाश दीप ने आउट किया। डेवाल्ड ब्रेविस 8 रन बनाकर हसरंगा की गेंद पर LBW आउट हुए। तिलक वर्मा (0) को मैक्सवेल ने रन आउट किया, जबकि कीरोन पोलार्ड बिना खाता खोले हसरंगा की गेंद पर LBW हुए।

मुंबई इस मैच में केवल दो विदेशी खिलाड़ियों (कीरोन पोलार्ड और डेवाल्ड ब्रेविस) के साथ खेल रही है। IPL में ये केवल तीसरा मौका है, जब कोई टीम 2 विदेशी प्लेयर्स के साथ खेल रही हो। 2011 में KKR ने CSK के खिलाफ (इयोन मॉर्गन और जैक कैलिस) को मौका दिया था, जबकि 2022 में DC ने MI के खिलाफ (टिम सिफर्ट और रोवमैन पॉवेल) को खिलाया था।

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
MI
: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, रमनदीप सिंह, मुरुगन अश्विन, जयदेव उनादकट, जसप्रीत बुमराह, बेसिल थम्पी।

RCB: फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल, शाहबाज अहमद, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), डेविड विली, वानिंदु हसरंगा, हर्षल पटेल, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *