झारखंड के लोहरदगा-बोकारो में पथराव:उपद्रवियों ने 18 वाहन फूंके

झारखंड के लोहरदगा-बोकारो में पथराव:उपद्रवियों ने 18 वाहन फूंके

झारखंड के लोहरदगा और बोकारो में रविवार को माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई है। पहली घटना लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के हिरही गांव में हुई। इसमें रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव किया गया। रांची से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस पर भी पत्थर फेंके गए।

वहीं, बोकारो के बेरमो इलाके में रामनवमी पर निकली शोभायात्रा पर फुसरो के राजाबेड़ा स्थित गंजू मोहल्ला में पत्थर फेंके गए। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के हिरही गांव में शोभायात्रा पर पत्थर फेंकने की सूचना के बाद हिरही और उसके आसपास के गांवों में बवाल मच गया है। उपद्रवियों ने दर्जनभर वाहन फूंक डाले। सदर थाना क्षेत्र के भोक्ता बगीचा में रामनवमी मेला में कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया। इसके बाद मेला स्थल पर 10 मोटरसाइकिल, तीन ठेले, एक टेंपो, चार साइकिल और मेले में लगी कई दुकानों में आग लगा दी। इस घटना में लाखों रुपए की क्षति हुई है।हंगामा बढ़ने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने भोक्ता बगीचा के समीप दो अलग-अलग घरों में आग लगा दी है। उपद्रव की सूचना मिलने के बाद डीसी-एसपी, डीडीसी, एसडीओ, डीएसपी के साथ-साथ लोहरदगा जिला और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए।बोकारो के बेरमो इलाके में रामनवमी पर फुसरो के राजाबेड़ा स्थित गंजू मोहल्ला में बाइक शोभायात्रा पर पथराव किया गया। घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सहित एसडीओ, डीएसपी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बाइक शोभायात्रा को वहीं रोक दिया। इसके विरोध में शोभायात्रा में शामिल लोग बाइक छोड़कर चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *